ग़ाज़ियाबाद

जनता दर्शन में सीडीओ ने सुनीं समस्याएं, जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें पहुंचीं

गाजियाबाद। जन समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देते हुए मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान जनसुनवाई की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी शिकायतें और समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनसे संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जनता दर्शन के दौरान राजस्व विभाग, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए), नगर निगम, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा निर्माण विभाग से संबंधित प्रार्थना पत्र एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप सभी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम की सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय उत्तर प्रदेश से लाइव कनेक्टिविटी के माध्यम से मॉनिटरिंग की जा रही है। जनसुनवाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए प्रभारी जिलाधिकारी द्वारा जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रत्येक कार्य दिवस में सुबह 10 बजे से 12 बजे तक आमजन की शिकायतें सुनें तथा जूम प्लेटफॉर्म पर लाइव रहकर समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया सुनिश्चित करें। जनता दर्शन के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया। साथ ही जूम के माध्यम से संबंधित विभागीय अधिकारियों से सीधा संपर्क स्थापित कर उन्हें शिकायतों से अवगत कराया और शीघ्र समाधान के स्पष्ट निर्देश दिए। अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। कार्यक्रम में एडीएम (ई) ज्योति मौर्य, एडीएम सिटी विकास कश्यप सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जनता दर्शन के माध्यम से प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं को सीधे सुनकर समाधान देने की पहल को लोगों ने सराहनीय बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button