कलश यात्रा में पूर्व ब्लॉक प्रमुख विपिन चौधरी ने दिया सामाजिक समरसता का संदेश

अनिल वशिष्ठ
मोदीनगर,(वेलकम इंडिया )। सीकरी महामाया मंडल में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित कलश यात्रा गांव इसाक नगर पहुंची। कलश यात्रा में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख विपिन चौधरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख विपिन चौधरी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से समाज को समानता, भाईचारे, सामाजिक समरसता और मानवता का मार्ग दिखाया। उनके विचार किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संपूर्ण समाज को एकता और सद्भाव के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने संत रविदास महाराज के जयकारे लगाए और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। वातावरण भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण रहा। कार्यक्रम में अमित तिसावर, आदित्य राज सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए संत रविदास महाराज के समानता, प्रेम और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।


