ट्रक चालक की हत्या कर आग के हवाले करने का खुलासा, प्रेम संबंध खत्म करने को महिला ने रची साजिश

वेलकम इंडिया पीलीभीत
पूरनपुर/पीलीभीत।कोतवाली पुलिस ने ट्रक चालक बलविंदर सिंह की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला ने प्रेम संबंध खत्म करने के लिए वारदात की साजिश रची थी। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड और प्लास्टिक की डीजल केन बरामद करने का दावा किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार 10 जुलाई को रुद्रपुर से माल लेकर नेपाल बॉर्डर की ओर जा रहे ट्रक चालक बलविंदर सिंह की ट्रक में आग लगने से मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतक के भाई गुरमीत सिंह की तहरीर पर 17 जुलाई को कोतवाली पूरनपुर में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए घटनास्थल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले। इसके बाद पुलिस टीम ने अमनदीप कौर पत्नी सुखविंदर सिंह, निवासी बड़ा बरसाना थाना बिलासपुर, रामपुर, हाल निवासी सोढ़ी कॉलोनी रुद्रपुर, उत्तराखंड को गोमती गुरुद्वारा के पास से गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में पुलिस के अनुसार महिला ने बताया कि उसके बलविंदर सिंह से पिछले दो-तीन वर्षों से संबंध थे। वह इन संबंधों को समाप्त करना चाहती थी, लेकिन बलविंदर कथित तौर पर उसके अश्लील फोटो और वीडियो परिवार के सदस्यों तथा सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता था। इससे परेशान होकर महिला ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।पुलिस का दावा है कि आरोपी महिला ने धन्ना बाबा गुरुद्वारा से आगे बड़ी नहर के पास ट्रक में लोहे की रॉड से बलविंदर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव और ट्रक में डीजल डालकर आग लगा दी गई, ताकि घटना को हादसे का रूप दिया जा सके।
पुलिस ने बरामदगी और पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।


