शहर-राज्य

कटिया डालकर घर से दुकान-क्लीनिक तक चला रहे थे बिजली का खेल, 17.402 किलोवाट लोड पकड़ा

इज्जतनगर के बिहार मान नगला में प्रवर्तन दल की छापेमारी; चार एसी, चार गीजर समेत भारी संख्या में उपकरण चलते मिले, दो भवन स्वामियों पर FIR

बरेली। इज्जतनगर क्षेत्र के बिहार मान नगला में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत निगम के प्रवर्तन दल ने बड़ी कार्रवाई की। टीम ने दो भवनों में औचक जांच की तो बिना वैध बिजली कनेक्शन के एलटी लाइन से सीधे कटिया डालकर बिजली का इस्तेमाल होता मिला। कार्रवाई के दौरान चार एसी, चार गीजर समेत कई विद्युत उपकरण चलते पाए गए। मामले में दो भवन स्वामियों के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया है।

कटिया से दौड़ा रहे थे चार AC और चार गीजर

प्रवर्तन दल प्रथम की टीम मंगलवार सुबह राजू और नूर खां के परिसरों में जांच के लिए पहुंची। टीम के मुताबिक छापेमारी की भनक लगते ही दोनों भवन स्वामी मौके से निकल गए। जांच के दौरान एलटी लाइन से सीधे अवैध कनेक्शन जोड़कर बिजली चोरी किए जाने का मामला सामने आया।

टीम ने मौके पर चार एसी, चार गीजर, आठ पंखे, एक समरसेबल पंप, 14 बल्ब और दो इन्वर्टर समेत अन्य उपकरण चलते हुए पाए। जांच में कुल 17.402 किलोवाट का विद्युत भार दर्ज किया गया।

घर ही नहीं, किराये की दुकानों और क्लीनिक तक पहुंच रही थी चोरी की बिजली

जांच के दौरान पता चला कि संबंधित भवनों में किराये पर दुकानें और क्लीनिक भी संचालित हो रहे थे। प्रवर्तन दल के अनुसार इन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए भी कोई वैध बिजली कनेक्शन नहीं मिला। यानी घर के साथ-साथ व्यावसायिक गतिविधियों में भी कथित तौर पर चोरी की बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा था।

औचक छापे में खुली बिजली चोरी की पोल, दो पर मुकदमा

सीओ विजिलेंस राकेश राय के मुताबिक औचक जांच के दौरान बिना कनेक्शन बिजली इस्तेमाल किए जाने का मामला पकड़ा गया। प्रवर्तन दल का दावा है कि यहां लंबे समय से बिजली चोरी की जा रही थी। मामले में राजू और नूर खां के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक कुमार, अवर अभियंता रजनीकांत रावत, उपनिरीक्षक ब्रजपाल सिंह, मुख्य आरक्षी राजेश कुमार व ललित कुमार, आरक्षी राहुल कुमार और महिला आरक्षी मधुबाला शामिल रहीं। बिजली चोरी के खिलाफ हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कनेक्शनों को लेकर हड़कंप मचा हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button