शहर-राज्य

गंगा दशहरा पर यमुना स्नान के लिए उमड़ा जनसैलाब, विश्राम घाट पर मुस्तैद रहे नागरिक सुरक्षा के वार्डन

-सुबह 5 बजे से ही वर्दी और परिचय पत्र के साथ सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों ने संभाली कमान, यातायात व शांति व्यवस्था में किया सहयोग

मथुरा।  पवित्र गंगा दशहरा पर्व के पावन अवसर पर आज सुबह से ही मथुरा के प्रमुख घाटों पर यमुना स्नान के लिए श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। तीर्थयात्रियों की भारी संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा और शांति व्यवस्था के बेहद कड़े इंतजाम किए गए। इस पावन स्नान पर्व के दौरान कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने तथा श्रद्धालुओं की सुविधार्थ पुलिस व प्रशासन के सहयोग के लिए नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) के वार्डनों और स्वयंसेवकों की भारी फौज घाटों पर मुस्तैद दिखाई दी जिलाधिकारी एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा मथुरा के आधिकारिक आदेश के अनुपालन में, आज बुधवार सुबह ठीक 5:00 बजे से ही नागरिक सुरक्षा के पदाधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया था। यह पूरी व्यवस्था नागरिक सुरक्षा मथुरा के उपनियंत्रक कश्मीर सिंह (राष्ट्रपति पदक से सम्मानित), सहायक उपनियंत्रक नीरज श्रीवास्तव, चीफ वार्डन राजीव अग्रवाल, डिप्टी चीफ वार्डन कल्याण दास अग्रवाल, डिवीजनल वार्डन भारत भूषण तिवारी, डिप्टी डिवीजनल वार्डन राजेश कुमार मित्तल एवं सीनियर स्टाफ ऑफिसर दीपक चतुर्वेदी के कुशल नेतृत्व में संचालित की गई। प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के तहत, नगर के अति-महत्वपूर्ण पुण्य तीर्थ विश्राम घाट पर श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, घाटों पर अनुशासन बनाए रखने तथा सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने में इन स्वयंसेवकों ने पुलिस प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अहम भूमिका निभाई। आज के इस विशेष महा-अभियान में वार्डन पोस्ट संख्या 01 के पोस्ट वार्डन एवं मास्टर ट्रेनर अशोक यादव की टीमसहित समस्त पोस्ट वार्डन, डिप्टी पोस्ट वार्डन और सेक्टर वार्डन अपनी-अपनी पोस्टों से जुड़े स्वयंसेवकों के साथ पूरी मुस्तैदी से डटे रहे। प्रशासनिक निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए सभी वार्डन सदस्य और स्वयंसेवक अपनी निर्धारित आधिकारिक वर्दी और परिचय पत्र के साथ तैनात नजर आए, जिससे घाटों पर आने वाले अनजान श्रद्धालुओं को सहायता प्राप्त करने में काफी सुगमता हुई। यह विशेष ड्यूटी सुबह के प्रथम प्रहर से शुरू होकर धार्मिक कार्यक्रमों और स्नान की संपूर्ण समाप्ति तक अनवरत जारी रही।

ड्यूटी पर तैनात कर्मियों का मनोबल बढ़ाने के लिए डिवीजनल वार्डन, डिप्टी डिवीजनल वार्डन, स्टाफ ऑफिसर और आई०सी०ओ० भी खुद घाटों पर मौजूद रहे और समय-समय पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नागरिक सुरक्षा के इस अनुशासित सहयोग के कारण आज विश्राम घाट पर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुचारू और शांतिपूर्ण बनी रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button