ग़ाज़ियाबाद

असालतनगर में 23 हजार वर्गमीटर में हो रही प्लाटिंग ध्वस्त-बिना स्वीकृत मानचित्र विकसित की जा रही थी अवैध कॉलोनी

गाजियाबाद। अवैध निर्माण और अनधिकृत कालोनियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने शुक्रवार को मुरादनगर क्षेत्र के ग्राम असालतनगर में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई प्राधिकरण उपाध्यक्ष के निर्देशों के क्रम में प्रवर्तन जोन-02 की टीम द्वारा की गई। प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार ग्राम असालतनगर, मुरादनगर स्थित खसरा संख्या-181 में लगभग 23,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में मिट्टी भराव कर अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। मौके पर मौजूद कॉलोनाइजर द्वारा कोई स्वीकृत लेआउट या तलपट मानचित्र प्रस्तुत नहीं किया जा सका। जांच में पाया गया कि क्षेत्र में सड़क निर्माण, बाउंड्रीवाल तथा साइट कार्यालय सहित अन्य निर्माण कार्य अवैध रूप से विकसित किए जा रहे थे। प्रवर्तन जोन-02 के प्रभारी के नेतृत्व में जीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध कॉलोनी में बनाई गई सड़क, बाउंड्रीवाल और साइट ऑफिस पर बुलडोजर चलाते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई संपन्न की। कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजर एवं निर्माणकर्ताओं द्वारा विरोध भी किया गया, लेकिन पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ते की मौजूदगी में अभियान जारी रखते हुए सभी अनधिकृत निर्माणों को हटाया गया। ध्वस्तीकरण के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-02 का पूरा स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल तथा प्रवर्तन दस्ता मौके पर तैनात रहा। जीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कालोनियों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा अवैध प्लाटिंग करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button