ग़ाज़ियाबाद

राशनकार्डधारकों के लिए राहत भरी खबर, मुफ्त अनाज वितरण शुरू- मई माह का खाद्यान्न अग्रिम रूप से बांटा जाएगा- आयुष्मान कार्ड से जोड़कर मिलेगा योजना का लाभ

गाजियाबाद। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पात्र लाभार्थियों तक खाद्यान्न की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद गाजियाबाद में मुफ्त राशन वितरण का विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी के नेतृत्व में यह वितरण कार्य आगामी 24 अप्रैल से 8 मई तक जनपद की सभी उचित दर दुकानों पर संचालित किया जाएगा। प्रशासन द्वारा इसे व्यापक स्तर पर पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से लागू करने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुरुवार को कार्यालय में आयोजित बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने सभी क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों की मौजूदगी में बताया कि खाद्य एवं रसद विभाग, उत्तर प्रदेश के आयुक्त कार्यालय द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में मई माह के खाद्यान्न का अग्रिम वितरण कराया जाएगा। इसके अंतर्गत अंत्योदय राशन कार्डधारकों को प्रति कार्ड 21 किलोग्राम गेहूं तथा 14 किलोग्राम चावल नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को प्रति यूनिट 3 किलोग्राम गेहूं और 2 किलोग्राम चावल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र परिवार खाद्यान्न से वंचित न रहे। प्रशासन ने वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी उचित दर दुकानों पर सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक राशन वितरण का समय निर्धारित किया है। प्रत्येक दुकान पर भीड़ नियंत्रण और सुचारु वितरण के लिए प्रतिदिन सीमित संख्या में टोकन कार्डधारकों को दिए जाएंगे। ई-पॉस मशीनों के माध्यम से वितरण किया जाएगा तथा तकनीकी स्थिति और समय की उपलब्धता के अनुसार आवश्यक बदलाव भी किए जा सकेंगे। वितरण प्रक्रिया नोडल अधिकारियों की उपस्थिति में कराई जाएगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहे। जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि अंतिम तिथि 8 मई तक मोबाइल ओटीपी प्रणाली के माध्यम से राशन वितरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अतिरिक्त सभी उचित दर विक्रेताओं को निर्देशित किया गया है कि वे प्रतिदिन कम से कम दस कार्डधारकों का आईरिस स्कैनर के माध्यम से बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण कराते हुए खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करें। पोर्टेबिलिटी योजना के तहत कार्डधारक उपलब्ध स्टॉक की सीमा तक किसी भी उचित दर दुकान से राशन प्राप्त कर सकेंगे। अमित तिवारी ने राशन कार्डधारकों से अपील करते हुए कहा कि वे निर्धारित तिथियों के भीतर अपनी सुविधानुसार राशन प्राप्त करें और उचित दर विक्रेताओं को सहयोग प्रदान करें ताकि वितरण प्रक्रिया व्यवस्थित रूप से संचालित हो सके। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा शिकायत निवारण की विशेष व्यवस्था भी की गई है। यदि किसी लाभार्थी को राशन प्राप्त करने में किसी प्रकार की समस्या आती है तो वह संबंधित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अथवा पूर्ति निरीक्षक से सीधे संपर्क कर सकता है। इसके अलावा जिला पूर्ति कार्यालय गाजियाबाद के दूरभाष नंबर पर कार्यालय समय में शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
उन्होंने कहा कि सभी उचित दर विक्रेताओं को वितरण संबंधी सूचना अपनी दुकानों पर पहले से चस्पा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कार्डधारकों में किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो। वितरण अवधि के दौरान सभी क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी एवं पूर्ति निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर निर्धारित मात्रा के अनुसार खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करेंगे।
जिला पूर्ति अधिकारी ने यह भी बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय द्वारा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत जिन पात्र लाभार्थियों के कार्ड अभी शेष हैं, उनकी सूची प्रत्येक उचित दर दुकान पर अनिवार्य रूप से चस्पा की जाएगी। संबंधित लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड जारी कराने के बाद ही उन्हें खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक परिवार स्वास्थ्य सुरक्षा योजना से भी लाभान्वित हो सकें। अमित तिवारी ने कहा कि शासन की मंशा गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों तक खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना है और प्रशासन पूरी जिम्मेदारी के साथ इस अभियान को सफल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वितरण प्रक्रिया की नियमित निगरानी करते हुए शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों तक खाद्यान्न पहुंचाया जाए।
जिला प्रशासन के इस अभियान से जनपद के हजारों राशन कार्डधारकों को राहत मिलने की उम्मीद है। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि निर्धारित नियमों का पालन करते हुए समय से राशन प्राप्त करें, ताकि किसी भी पात्र परिवार को खाद्यान्न से वंचित न रहना पड़े। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button