गोवर्धन में गहराया गैस संकट, एजेंसी पर कालाबाज़ारी के आरोप, उपभोक्ताओं की लगी भीड़
मथुरा/गोवर्धन। क्षेत्र में रसोई गैस की भारी किल्लत से स्थानीय लोग परेशान हैं। लोगों का आरोप है कि उन्हें गैस सिलेंडर पाने के लिए आज भी दर-दर भटकना पड़ रहा है। ताजा मामला गिरिराज गैस एजेंसी का सामने आया है, जहां उपभोक्ताओं ने गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं।
स्थानीय निवासी आकाश, नारायणदास, सुषमा देवी सहित अन्य लोगों का कहना है कि एजेंसी पर गैस की कालाबाज़ारी की जा रही है। उनका आरोप है कि बुकिंग कराने और पैसे जमा करने के बावजूद भी समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है। जब उपभोक्ता एजेंसी पर सिलेंडर लेने पहुंचते हैं, तो वहां मौजूद कर्मचारी और संचालक उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हैं और कई बार धक्का देकर भगा दिया जाता है।
इस मामले में जब गैस एजेंसी संचालक से बात करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने इस मुद्दे पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके और गैस वितरण व्यवस्था में सुधार हो सके।



