ग़ाज़ियाबाद

संभव जनसुनवाई में नगर आयुक्त ने सुनी जनता की समस्या

वेलकम इंडिया

गाजियाबाद। गाजियाबाद नगर निगम द्वारा नागरिकों की समस्याओं के समाधान हेतु नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे “संभव” जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने मंगलवार को विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 26 संदर्भों पर सुनवाई की और त्वरित कार्यवाही के निर्देश जारी किए। जनसुनवाई में प्राप्त 26 शिकायतों में निर्माण विभाग से 10, स्वास्थ्य विभाग से 7, जलकल विभाग से 3, उद्यान विभाग से 2, प्रकाश विभाग, संपत्ति विभाग और अतिक्रमण से 1-1 शिकायत प्राप्त हुई, वहीं डूडा विभाग से भी 1 संदर्भ सामने आया। नगर आयुक्त ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों पर समयबद्ध, जमीनी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान नगर आयुक्त ने विशेष रूप से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे साफ-सफाई और नालों की सफाई के बाद समय पर सिल्ट उठाने की प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखें। उन्होंने कहा कि यदि सिल्ट उठाने में देरी होगी, तो पूर्व की सफाई का कोई असर नहीं बचेगा और जनता को फिर से परेशानी झेलनी पड़ेगी। नगर आयुक्त ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान तभी सार्थक माना जाएगा जब विभागीय अधिकारी मैदान में उतरकर जमीनी स्तर पर काम करेंगे। समय पर जवाबदेही और कार्रवाई, निगम की विश्वसनीयता को बनाए रखने के लिए जरूरी है। संभव कार्यक्रम के दौरान अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, संयुक्त नगर आयुक्त ओमप्रकाश, महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद, संपत्ति प्रभारी पल्लवी, और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने और जोनल स्तर पर कार्रवाई तेज करने के निर्देश भी दिए गए। गाजियाबाद नगर निगम का यह प्रयास नागरिकों और प्रशासन के बीच की दूरी को कम करने और लोक कल्याण की दिशा में विश्वासपूर्ण संवाद स्थापित करने में अहम भूमिका निभा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button