ग़ाज़ियाबाद

लू का अलर्ट, तापमान 40 पार जाने की आशंका- प्रशासन ने जारी की जरूरी एडवाइजरी -डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए प्रशासन ने सावधानी बरतने की अपील की

गाजियाबाद। जनपद गाजियाबाद में बढ़ती गर्मी और संभावित लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने आम नागरिकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सौरभ भट्ट ने भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी चेतावनी का हवाला देते हुए बताया कि आगामी पांच दिनों तक प्रदेश में उष्ण लहर चलने की संभावना है और जनपद का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार गाजियाबाद में तापमान 44.48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की स्थिति में हीटवेव घोषित की जाएगी। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि उच्च तापमान के साथ बढ़ी हुई आर्द्रता और प्रतिकूल वायुमंडलीय परिस्थितियां आमजन के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डाल सकती हैं। इससे शरीर में पानी की कमी, ऐठन, चक्कर आना और गंभीर मामलों में जान का खतरा भी उत्पन्न हो सकता है। अधिकारियों ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में अत्यधिक तापमान के कारण अर्बन हीट आइलैंड की स्थिति बनने की संभावना रहती है, जिससे गर्मी का प्रभाव और अधिक बढ़ जाता है। विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बीमार व्यक्तियों, मजदूरों, कमजोर एवं निराश्रित लोगों को लू से अधिक खतरा रहता है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के जिला आपदा विशेषज्ञ वैभव पाण्डेय द्वारा जारी एडवाइजरी में नागरिकों से अपील की गई है कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच तेज धूप में बाहर निकलने से बचें। हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़े पहनें तथा धूप में निकलते समय सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढककर रखें। शरीर में पानी की कमी न होने देने के लिए नियमित अंतराल पर पानी पीते रहें और यात्रा के दौरान पानी साथ रखना जरूरी बताया गया है। प्रशासन ने लोगों को ओआरएस घोल, नारियल पानी, लस्सी, छाछ, नींबू पानी, चावल का पानी और आम पन्ना जैसे घरेलू पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है। साथ ही रेडियो, टीवी और समाचार माध्यमों से मौसम की जानकारी लेते रहने तथा कमजोरी या चक्कर महसूस होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करने को कहा गया है। घरों को ठंडा रखने के लिए पर्दे और शटर का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है। एडवाइजरी में यह भी स्पष्ट किया गया है कि भीषण गर्मी के दौरान भारी श्रम वाले कार्यों से बचें, अधिक प्रोटीन युक्त या बासी भोजन का सेवन न करें तथा शराब, चाय, कॉफी और कार्बोनेटेड पेय पदार्थों से दूरी बनाए रखें क्योंकि ये शरीर में निर्जलीकरण बढ़ाते हैं। दोपहर के समय खाना पकाने से बचने और रसोईघर को हवादार बनाए रखने के लिए खिड़की व दरवाजे खुले रखने की सलाह दी गई है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि लू को हल्के में न लें और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर स्वयं तथा अपने परिवार को सुरक्षित रखें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button