जिला कारागार में तीन दिवसीय टीबी जांच अभियान का शुभारंभ

असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर। जनपद में संचालित 100 दिवसीय सघन ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत मंगलवार को जिला कारागार परिसर में तीन दिवसीय विशेष कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला कारागार अधीक्षक सचिन वर्मा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने टीबी उन्मूलन को लेकर शासन की प्राथमिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समय पर जांच और उपचार से इस बीमारी को पूरी तरह खत्म किया जा सकता है।
कार्यक्रम में मौजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं कारागार प्रशासन ने संयुक्त रूप से अभियान को सफल बनाने की प्रतिबद्धता जताई। अधिकारियों ने कहा कि बंदियों के बीच नियमित स्क्रीनिंग, समय पर जांच और समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है, ताकि किसी भी संक्रमित व्यक्ति की पहचान कर उसे शीघ्र उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
इस दौरान जेलर रामसिंह यादव, उप कारापाल अजीत चंद, महेश सिंह, मुकेश प्रकाश, चिकित्साधिकारी डॉ. अनूप जायसवाल, जेल फार्मासिस्ट वीरेंद्र प्रसाद, प्रिजन कोऑर्डिनेटर सपना, पीपीएम सतीश चन्द्र मिश्र, आशुतोष पांडेय, लैब टेक्नीशियन अख्तर, काउंसलर वसीम एवं आशीष, अरविंद मिश्र, फिरोज अहमद सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
तीन दिवसीय इस विशेष अभियान के अंतर्गत कारागार में निरुद्ध बंदियों की टीबी संबंधी स्क्रीनिंग, जांच, परामर्श तथा आवश्यक उपचार की समुचित व्यवस्था की जाएगी। साथ ही विशेषज्ञों द्वारा टीबी के लक्षण, बचाव एवं उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा रही है, जिससे बंदियों एवं कर्मचारियों में जागरूकता बढ़े और टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को जल्द हासिल किया जा सके।



