शहर-राज्य

अंतरिक्ष जैन बने बुलंदशहर के नए एसपी देहात

बुलंदशहर.जनपद में पुलिस प्रशासनिक फेरबदल के तहत नए एसपी देहात की नियुक्ति की गई है। वर्ष 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी अंतरिक्ष जैन को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह डॉ. तेजवीर सिंह का स्थान लेंगे, जिनका हाल ही में तबादला कर दिया गया है।
अंतरिक्ष जैन वर्तमान में मेरठ में एएसपी (अपर पुलिस अधीक्षक) के पद पर कार्यरत थे। एसपी पद पर यह उनकी पहली तैनाती है, जिसे उनके करियर का अहम पड़ाव माना जा रहा है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, उन्हें तेजतर्रार और सक्रिय अधिकारियों में गिना जाता है। मेरठ में कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण मामलों के खुलासे और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में भूमिका निभाई।
मूल रूप से पंजाब के निवासी अंतरिक्ष जैन ने प्रशिक्षण के बाद अपने अब तक के कार्यकाल में प्रभावी पुलिसिंग की छाप छोड़ी है। बुलंदशहर जैसे संवेदनशील जनपद में उनकी तैनाती को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वहीं, डॉ. तेजवीर सिंह पिछले लगभग एक वर्ष से बुलंदशहर में एसपी देहात के पद पर तैनात थे। शासन द्वारा जारी तबादला सूची के तहत उन्हें लखनऊ मुख्यालय से संबद्ध (अटैच) कर दिया गया है। यह तबादला गुरुवार को जारी आदेश का हिस्सा है।
नए एसपी देहात की नियुक्ति के बाद पुलिस महकमे में नई कार्यशैली और सख्ती की उम्मीद जताई जा रही है। जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में प्रशासन की यह महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button