अखिल भारतीय नेहरा ट्रस्ट ने किया समाज की अनेक प्रतिभाओं को सम्मानित

नेहरा समाज ने जो प्यार दिया है भूलूंगा नहीं -हर्ष नेहरा
अनिल वशिष्ठ
मोदीनगर,(वेलकम इंडिया )। स्थानीय गांव गदाना में यूपीएससी में 74वां रैंक प्राप्त करने वाले बहादरपुर (मेरठ) निवासी हर्ष नेहरा को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ. अनुज नेहरा, कुमारी रूपा नेहरा व डॉ. शगुन नेहरा समेत नेहरा समाज की अनेक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय नेहरा ट्रस्ट ने किया गया इसमें मोदीनगर के आसपास और देशभर के नेहरा समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने हिस्सा लिया और इन मेधावी प्रतिभाओं को सराहा। मंच का संचालन वरिष्ठ पत्रकार अमित नेहरा और अभिषेक नेहरा ने किया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. अजब सिंह नेहरा ने की। इस मौके पर सभी प्रतिभाओं को फूलमाला, पगड़ी, पटके, मोमेंटो व शाल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ. अजब सिंह नेहरा ने कहा कि कड़ी मेहनत ही सफलता का मूलमंत्र है। उन्होंने कहा कि नेहरा समाज में प्रतिभाओं की कमी नहीं है बस उन्हें तराशने की जरूरत है। नेहरा खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप नेहरा सिरसा ने कहा कि हर्ष नेहरा ने यूपीएससी की परीक्षा में टॉप में आकर एक कीर्तिमान स्थापित किया है। इससे हमारे समाज के बच्चों को बड़ी प्रेरणा मिलेगी।
कार्यक्रम में नेहरा खाप के राजस्थान के अध्यक्ष बलवीर सिंह नेहरा ने कहा कि समाज में हर्ष नेहरा जैसे होनहार युवाओं का होना सम्मान का विषय है। वरिष्ठ पत्रकार अमित नेहरा ने कहा कि आईएएस अधिकारियों में समाज के प्रति सकारात्मक सोच का होना बहुत जरूरी है। उन्होंने हर्ष नेहरा की पीठ थपथपाई कि वे अत्यंत मेधावी होने के साथ-साथ एक बेहद अच्छे इंसान भी हैं। कार्यक्रम में नव चयनित आईएएस हर्ष नेहरा ने बताया कि उन्होंने कितनी मेहनत करके यह सफलता प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि वे सर्वसमाज का सहयोग करने के लिए हमेशा तैयार रहेंगे। उन्होंने कहा कि नेहरा समाज ने आज उन्हें जो सम्मान दिया है वे उसे पूरी उम्र नहीं भूलेंगे। उन्होंने समाज के सभी लोगों का धन्यवाद किया।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए नरेश नेहरा चेयरमैन, अजय नेहरा, अल्स्टन नेहरा, सतीश नेहरा, जयबीर नेहरा, अर्जुन नेहरा और राजकुमार नेहरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में सुभाष नेहरा, ओमपाल नेहरा, राजकुमार नेहरा, ओमप्रकाश नेहरा थानेदार, रणबीर नेहरा, धूपसिंह नेहरा, सहीराम, करतार सिंह, मयंक चौधरी, सतीश नेहरा, विजय नेहरा, अनिल नेहरा, कृष्ण नेहरा, करणबीर नेहरा, वीरेंद्र नेहरा, ज्ञानेंद्र नेहरा, श्यामबीर सिंह नेहरा, सिंटू नेहरा, विनोद नेहरा, हर्ष नेहरा के दादा विक्रम नेहरा, मां अनीता नेहरा, पिता अजय नेहरा व मामा रजनीश सिंह तोमर, समेत अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने हिस्सा लिया।



