शहर-राज्य

विकास की नई राह पर आंगनबाड़ी, 141 सहायिकाओं को मिले नियुक्ति पत्र

असदुल्लाह सिद्दीकी

सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ के लोक भवन से प्रदेशव्यापी आंगनबाड़ी सुदृढ़ीकरण अभियान का आगाज किया। जनपद मुख्यालय स्थित अंबेडकर सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के दौरान जिले की 141 नव-नियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। साथ ही जनपद में करोड़ों की लागत वाले आंगनबाड़ी केंद्रों और गोदामों का लोकार्पण व शिलान्यास भी संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री व इटवा के पूर्व विधायक डॉ. सतीश द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में बीते नौ वर्षों में महिला व बाल कल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव आए हैं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन से लैस कर तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जा रहा है, ताकि योजनाओं का लाभ सीधे पात्रों तक पहुंच सके। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर बच्चे को उसके घर के पास ही गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा देना है। इसी कड़ी में जनपद में 45 नए आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का लोकार्पण, 3 केंद्रों का शिलान्यास और 5 बाल विकास परियोजना कार्यालय सह गोदाम की आधारशिला रखी गई है। उन्होंने नवनियुक्त सहायिकाओं से बच्चों के सर्वांगीण विकास और पुष्टाहार वितरण में पारदर्शिता बरतने की अपील की। सांसद प्रतिनिधि एस.पी. अग्रवाल ने भी सरकार की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और महिला सशक्तिकरण के प्रयासों की सराहना की। इससे पूर्व, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने अतिथियों का बुके देकर स्वागत किया। इस अवसर पर सीडीओ बलराम सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष अग्रवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी साहब यादव सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। नवनियुक्त सहायिकाओं के चेहरों पर नियुक्ति पत्र पाकर खुशी साफ झलक रही थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button