25 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार,पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

वेलकम इण्डिया/
असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर।जनपद सिद्धार्थनगर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त पुलिस टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर अकबर उर्फ गुठे को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मोहाना थाना क्षेत्र के ग्राम गोपीजोत निवासी अकबर के खिलाफ गोवंश वध निवारण अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं। मुखबिर की सूचना पर एसओजी और थाना कठेला समय माता की संयुक्त टीम ने मंगलवार को मेडिकल कॉलेज रोड स्थित बड़े डाकघर के पास घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पकड़े गए अभियुक्त का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2010 से लेकर 2026 तक उसके खिलाफ थाना चिल्हिया और मोहाना में मारपीट, दहेज उत्पीड़न, धमकी और गिरोहबंद गतिविधियों के आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक ने टीम की इस सफलता और बेहतर समन्वय की सराहना की है।



