अप्रैल में 1 से 30 अप्रैल तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान, 10 से 30 अप्रैल तक ‘दस्तक’ अभियान चलेगा-रैलियों, जागरूकता और साफ-सफाई के जरिए दिमागी बुखार समेत रोगों पर नियंत्रण का लक्ष्य

गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में अप्रैल 2026 में प्रस्तावित विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं ‘दस्तक’ अभियान को प्रभावी बनाने के लिए गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के निर्देशन में हुई इस बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया और अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए अपनी जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जानकारी दी गई कि शासन के निर्देशानुसार 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 10 अप्रैल से 30 अप्रैल तक ‘दस्तकÓ अभियान संचालित किया जाएगा। इन अभियानों का मुख्य उद्देश्य संचारी रोगों और दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने स्पष्ट कहा कि संचारी रोगों पर नियंत्रण केवल एक विभाग के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, नगर विकास, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, पशुपालन तथा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग को निर्देश दिए कि वे घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें और स्वच्छता के प्रति संवेदनशील बनाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोगों को यह समझाना बेहद जरूरी है कि मच्छर केवल गंदगी में ही नहीं, बल्कि साफ पानी में भी पनपते हैं, इसलिए कहीं भी पानी जमा न होने दिया जाए। साथ ही नियमित रूप से दवाओं का छिड़काव और फॉगिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि मच्छरों के प्रजनन को रोका जा सके। अभिनव गोपाल ने यह भी निर्देशित किया कि संचारी रोगों से बचाव के लिए ‘क्या करें और क्या न करेंÓ से संबंधित एडवाइजरी जारी की जाए, जिससे आमजन को सही जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि जागरूकता के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करना भी उतना ही जरूरी है, तभी इन रोगों से प्रभावी सुरक्षा संभव है। बैठक में सभी विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए और जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष ध्यान देने को कहा गया। अभियान के शुभारंभ के अवसर पर 1 अप्रैल को सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर रैलियां निकालेंगे और व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इस अभियान को सफल बनाने के लिए 17 विभागों द्वारा माइक्रो प्लान तैयार किया जाएगा और जिला एवं ब्लॉक स्तर की टीमें इसकी सतत निगरानी करेंगी। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



