पेट दर्द का बहाना कर थाने के लॉकअप से भागे ईनामी गैगस्टर दो घंटे मे पुलिस ने फिर दबोचा

असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर। जिले के शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस को उस समय बड़ी सफलता मिली जब पच्चीस-पच्चीस हजार रुपये के दो इनामी गैंगस्टरों को गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि जनपदीय एसओजी टीम और शोहरतगढ़ थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इन दोनों आरोपियों को पहले गिरफ्तार कर थाने लाया गया था।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को पहले प्लाइवुड तिराहे के पास से पकड़ा गया था और उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए शोहरतगढ़ थाने के लॉकअप में रखा गया था। लेकिन रविवार की सुबह दोनों आरोपियों ने फरार होने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब साढ़े छह बजे दोनों आरोपियों ने पेट दर्द का बहाना बनाया और इसी दौरान लॉकअप का ताला खुलवाने में कामयाब हो गए। इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद संतरी से रायफल छीनने की कोशिश की और मौके का फायदा उठाकर भागने का प्रयास किया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत इलाके में घेराबंदी कर दी और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने करीब दो घंटे के अंदर दोनों आरोपियों को चौधरी मैरिज लॉन के पीछे से दोबारा पकड़ लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अतुल उर्फ इन्द्र कपूर उर्फ साका तथा मोहम्मद रकीब उर्फ झीनक के रूप में हुई है, जो थाना शोहरतगढ़ क्षेत्र के नीबी दोहनी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने जानकारी देते हुए बताया कि अतुल उर्फ इंद्र कपूर उर्फ इंद्रजीत उर्फ साका, मो. रकीब उर्फ झीनक निवासी नीबी दोहनी थाना शोहरतगढ़ पर पहले से कई मामले दर्ज हैं। उन पर गिरोह बंद अपराध के मामले में भी रिपोर्ट दर्ज थी।
अतुल पर 15 और मो. रकीब पर छह मुकदमे हैं। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इनकी गिरफ्तारी के लिए शोहरतगढ़ पुलिस के अलावा एसओजी की टीम लगाई गई थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।



