शहर-राज्य

सुरक्षित इंटरनेट दिवस (Safer Internet Day) के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में जागरूकता कार्यशाला का हुआ आयोजन

 स्मार्ट तकनीक, सुरक्षित विकल्प, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग पर की गई विस्तृत चर्चा

संतकबीरनगर।  जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में सुरक्षित इंटरनेट दिवस (Safer Internet Day) के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त व राजस्व) जयप्रकाश व मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी अधिकारियों/कर्मचारियों को सुरक्षित तरीके से इंटरनेट का उपयोग करने, इंटरनेट से संबंधित सुरक्षा तकनीकों, साइबर सुरक्षा मानकों एवं सरकार द्वारा सुरक्षित इंटरनेट उपयोग हेतु जारी किए गए एप्स आदि का प्रयोग करने के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि भारत सरकार व प्रदेश सरकार द्वारा प्राप्त निर्देशों के क्रम में “Smart Tech, Safe Choices-Exploring the Safe and Responsible use of Al” थीम के तहत आज सुरक्षित इंटरनेट दिवस (Safer Internet Day) के अवसर पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सेफर इंटरनेट हर वर्ष फरवरी के दूसरे मंगलवार को विश्व भर में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य उपयोगकर्ताओं को इंटरनेट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के सुरक्षित व जिम्मेदार उपयोग के प्रति संवेदनशील एवं सतर्क बनाना है। इस जागरूकता कार्यशाला के माध्यम से प्रमुख साइबर खतरों और उनके निवारण तकनीक के बारे में लोगों को शिक्षित हुआ जागरूक किया जा रहा है। इसमें एनआईसी एवं अन्य एजेंसियों के सहयोग से राष्ट्रव्यापी स्तर पर जागरूकता अभियान आयोजित किया जा रहा है। 

जिलाधिकारी ने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस दौर में हमेशा सतर्क एवं संवेदनशील रहने की जरूरत है क्योंकि डीप फेक वीडियो और क्लोन की गई आवाज़ें वास्तविक दिख सकती है, इसमें भावनात्मक रूप से प्रतिक्रिया करने से पहले विश्वसनीय स्रोतों से अवश्य पुष्टि करें।

उन्होंने कहा कि सुरक्षित इंटरनेट का उपयोग एवं साइबर सिक्योरिटी की जागरूकता से संबंधित इस तरह के कार्यशाला का एक निश्चित समय अंतराल पर आयोजन किया जाता रहना चाहिए, जिसमें सभी कार्यालयों के अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा प्रतिभाग किया जाए जिससे वह सुरक्षित इंटरनेट एवं साइबर सुरक्षा के प्रति हमेशा अपडेट रह सकें।

जिलाधिकारी ने बताया कि इसी क्रम में पांच दिवसीय AI Impact Summit (16 से 20 फरवरी 2026, नई दिल्ली) के तहत राष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

अपर जिलाधिकारी जयप्रकाश ने सुरक्षित इंटरनेट के उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किसी भी अनजाने व्यक्ति को ओ0टी0पी0 अथवा किसी प्रकार की व्यक्तिगत सूचना शेयर न करें, उन्होंने बताया कि सामान्य तौर पर कोई भी वित्तीय अथवा सरकारी संस्थान सीधे तौर पर अपने उपयोगकर्ताओं से इन सूचनाओं को फोन पर नहीं मांगता है। उन्होंने कहा कि इंटरनेट का उपयोग सहज है, सरल है और सुविधा की दृष्टि से उच्च तकनीक का निरंतर प्रयोग हो रहा है और इसे बढ़ावा दिया जा रहा है लेकिन हमेशा सतर्क, संवेदनशील और तकनीकी रूप से जागरूक व अपडेट रहने की जरूरत है।

उल्लेखनीय है कि इलेक्ट्रानिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा अवगत कराया गया है कि प्रत्येक वर्ष माह फरवरी के दूसरे मंगलवार को विश्व स्तर पर “Safer Internet Day” मनाया जाता है। “Smart Tech, Safe Choices Exploring the Safe and Responsible use of AI” थीम के तहत इस वर्ष आज दिनांक 10 फरवरी, 2026 को “Safer Internet Day” मनाया जा रहा है। इस अवसर पर इलैक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) द्वारा एक राष्ट्रव्यापी जागरूकता अभियान प्रारम्भ किया जा रहा है। इस सन्दर्भ में जनपद स्तर पर एनआईसी द्वारा “Safer Internet Day” का आयोजन सहित जनपद के समस्त सीएससी पर सुरक्षित इंटरनेट के उपयोग से संबंधित जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर संयुक्त निदेशक एनआईसी चंद्रशेखर यादव, अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी विजेंद्र यादव, परियोजना निदेशक विजयंत कुमार सिंह, उप निदेशक कृषि डॉ0 राकेश कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग राजकुमार शर्मा, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अजय श्रीवास्तव, जिला बांट-माप अधिकारी वीपी वर्मा, जिला उद्यान अधिकारी समुद्रगुप्त मल्ल, जिला कृषि अधिकारी डॉ0 सर्वेश यादव, ईडीएम राकेश सिंह, एनएफई विपिन जायसवाल, प्रबंधक आई रैड विवेक कुमार, प्रशासनिक अधिकारी बद्री प्रसाद सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारीगण व कर्मचारीगण आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button