मेडिकल कालेज के स्टूडेंटों से मारपीट,छात्रों ने सड़क किया जाम

सिद्धार्थनगर। शहर के सिद्धार्थ तिराहे पर शुक्रवार शाम को मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने जमकर हंगामा किया। दो मेडिकल छात्रों का युवकों से विवाद के बाद बीच-बचाव करने पर दुकानदार को पीट दिया। 300 से अधिक की संख्या में सिद्धार्थ तिराहे पहुंचे छात्रों ने सड़क जाम कर दी।
सदर थाना पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया। इस दौरान मुख्य तिराहे पर 40 मिनट तक अफरा-तफरी रहा। आवागमन करने वालों के साथ दुकानदार पर डरे सहमे हुए नजर आए। पुलिस का कहना है कि शिकायती पत्र मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।जानकारी के अनुसार, शहर के नगर पालिका कार्यालय के पास माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज के दो छात्र सामान खरीदने के लिए आए थे। बताया जा रहा है कि इसी बीच शहर के दो लड़कों से विवाद हो गया और नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। छात्रों को पिटता देखकर सर्राफ झगड़ा छुड़ाने के लिए पहुंचा। इस बीच मारपीट करने वाले लड़के मौके से भाग निकले। छात्रों ने इस बात की जानकारी अपने साथ एमबीबीएस के छात्राें को दे दी। मेडिकल कॉलेज से घटनास्थल की दूरी तकरीबन तीन किलोमीटर है। जानकारी मिलने के बाद देखते ही देखते ही मौके पर 300 से अधिक छात्र धीरे-धीरे करके एकत्र हो गए और हो-हल्ला शुरू कर दिया। जब छात्र वहां पहुंचे तो वहां आरोपियों को न पाकर सराफा पर ही टूट पड़े। दुकान से खींचकर उसकी पिटाई की। इस दौरान छुड़ाने गईं सर्राफ की मां को भी धक्का लगा। इसके बाद दुकानदार से माफी मंगवाने के लिए उसकी दुकान के साथ ही सिद्धार्थ तिराहा रोड जाम कर दी।
मामले की जानकारी मिलते ही शहर कोतवाल और मेडिकल कॉलेज के कुछ डॉक्टर मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें वहां से उठवाया।
लगभग सात मिनट के जाम में अफरा-तफरी का माहौल रहा। छात्रों का हंगामा देखकर राहगीर सहम गए। ठेला लगाने वाले भागते हुए नजर आए।
शहर कोतवाल दुर्गा प्रसाद ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंच गए थे। समझा-बुझाकर मामले को शांत करवाया गया। अगर तहरीर मिलेगी तो मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी।




