ईडी आवास के बगल में लाखों के जेवरातों की चोरी, चोरों ने रिफाइनरी नगर की सुरक्षा व्यवस्था को दी खुली चुनौती

मथुरा। रिफाइनरी नगर की हाई-प्रोफाइल सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए चोरों ने गुरूवार की बीती रात एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने रिफाइनरी प्रबंधन के एक वरिष्ठ अधिकारी के आवास को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण पार कर दिए है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह चोरी ईडी बंगले के ठीक बगल में बंगले में हुई है, जिससे टाउनशिप की सुरक्षा पर गंभीर सवालिया निशान लग गए हैं। जानकारी के अनुसार, रिफाइनरी के वरिष्ठ अधिकारी का परिवार एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए कोलकाता गया हुआ था। घर सूना पाकर चोरों ने इत्मीनान से हाथ साफ किया। बंगले के दरबाजे का ताला चटका हुआ देखकर लोगों ने शादी में गए हुए अधिकारी को फोन किया, तब पता चला कि रिफाइनरी के बड़े अधिकारी के यहां से चोरों ने लाखों के जेवरात और कीमती सामान पर हाथ साफ किया है।
रिफाइनरी नगर की सुरक्षा का जिम्मा लगभग सवा सौ डीजीआर गार्ड्स के कंधों पर है, जिन पर प्रबंधन सालाना करोड़ों रुपये खर्च करता है। इसके बावजूद, वीवीआईपी क्षेत्र में हुई इस सेंधमारी ने सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। स्थानीय निवासियों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश और भय का माहौल है। नगर वासियों ने सुरक्षाकर्मियों की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि, सुरक्षाकर्मी गेटों पर आम नागरिकों और आगंतुकों को चेकिंग के नाम पर बेवजह परेशान करते हैं। मुख्य सुरक्षा घेरे में होने के बावजूद चोरों का बेखौफ घूमना मिलीभगत या बड़ी लापरवाही की ओर इशारा करता है। चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने सीधे ईडी बंगले के पास वारदात कर प्रशासन को चुनौती दी है। इतनी बड़ी वारदात और सुरक्षा में चूक होने के बावजूद, रिफाइनरी प्रमुख मुकुल अग्रवाल ने फिलहाल इस मामले पर चुप्पी साध रखी है। प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान न आने के कारण कर्मचारियों और उनके परिवारों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।



