मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्रज की धरा पर भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष का किया स्वागत

मथुरा। माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वृंदावन स्थित पवन हंस हेलीपैड में आगमन हुआ। पवन हंस हेलीपैड से माननीय मुख्यमंत्री जी सीधा वृन्दावन स्थित अक्षयपात्र (चन्द्रोदय मंदिर) पहुंचे। अक्षयपात्र परिसर में आयोजित कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के संग माननीय प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना। दिनांक 25 जनवरी 2026 को उक्त ‘ मन की बात’ कार्यक्रम का 130वां संस्करण था, जो प्रातः 11 बजे से प्रारंभ हुआ था। मन की बात आकाशवाणी पर प्रसारित किया जाने वाला एक कार्यक्रम है, जिसके जरिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के नागरिकों को संबोधित करते हैं। वृंदावन के अक्षयपात्र में आयोजित कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री ने पहली बार उत्तर प्रदेश के दौरे पर पहुंचे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का ब्रज की धरा पर स्वागत-अभिनंदन किया। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी को संबोधित करते हुए राधे-राधे, वृंदावन बिहारी लाल, श्री राधा रानी, यमुना मैया, हर-हर महादेव, जय श्रीराम, भारत माता की जय तथा वंदे मातरम् की गूंज के साथ आध्यात्मिक व राष्ट्रवादी चेतना का संचार करते हुए अपने संबोधन की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन जी युवा ऊर्जा के प्रतीक हैं। बिहार विधानसभा में पांचवीं बार विधायक के रूप में सेवाए दे रहे हैं। संगठन के विभिन्न पदों का निर्वहन करने के उपरांत माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भाजपा ने नितिन नबीन जी को राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नया दायित्व दिया है। इस दायित्व के पश्चात योगेश्वर श्रीकृष्ण की पावन धरा पर उनका प्रथम आगमन आह्लादकारी क्षण है।
*तीर्थ भूमि है ब्रज, आज भी विरासत का अंश ढूंढते हैं श्रद्धालु*
माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने कार्यक्रम में कहा कि ब्रज प्राचीन काल से तीर्थ भूमि रही है। मथुरा, वृंदावन, बरसाना, गोकुल, गोवर्धन, नंदगांव, बलदेव आदि तीर्थ हजारों वर्षों से सनातन धर्मावलंबियों के लिए प्रेरणा हैं। यहां के रज-रज, कण-कण में श्रीकृष्ण, श्री राधा रानी और हजारों वर्षों की विरासत का अंश श्रद्धालु आज भी ढूंढते हैं। उसके साथ तारतम्य स्थापित करने का प्रयास करते हैं। अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की पावन जन्मभूमि भी मथुरा में पड़ती है। माननीय प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से ब्रज भूमि भारत की आध्यात्मिक व सांस्कृतिक विरासत के साथ ही विकास के नित नए प्रतिमान स्थापित करते हुए बढ़ रही है।
*यूपी अब ‘बीमारू’ नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था का संबल बन रहा*
माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यूपी अब ‘बीमारू’ नहीं, बल्कि भारत की अर्थव्यवस्था का ब्रेकथ्रू बनकर संबल बन रहा है। पांच साल से अधिक समय से यूपी रेवेन्यू सरप्लस स्टेट के रूप में है। डबल इंजन सरकार डबल स्पीड के साथ बड़े-बड़े इन्फ्रास्ट्रक्चर के कार्यों को धरातल पर उतारती है। हर नागरिक को सुरक्षा का अहसास कराती है। गरीब कल्याणकारी योजनाओं के साथ बिना भेदभाव के वंचित, नौजवान, किसान, महिलाओं समेत हर तबके को वरीयता के आधार पर शासन की योजना का लाभ दे रही है। डबल इंजन सरकार के माध्यम से यूपी में विकास की योजनाओं को बिना भेदभाव गांव से शहर तक, प्रत्येक जगह प्रभावी ढंग से लागू करने का कार्य देखने को मिल रहा है।
कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग चौधरी लक्ष्मी नारायण, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा विभाग संदीप सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय शाक्य, प्रदेश उपाध्यक्ष श्संतोष, जिला प्रभारी अशोक कटारिया, महापौर विनोद अग्रवाल, माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, विधायक मथुरा श्रीकांत शर्मा, विधायक बल्देव पूरन प्रकाश, विधायक गोवर्धन मेघश्याम सिंह, विधायक मांट राजेश चौधरी, एमएलसी ठाकुर ओम प्रकाश सिंह, जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय, महानगर अध्यक्ष हरीशंकर राजू यादव तथा जनपद के आम जनमानस उपस्थित रहे।




