ग़ाज़ियाबाद

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने नंदी पार्क गौशाला का दौरा कर किया गो संरक्षण एवं पर्यावरण पहल का निरीक्षण -गौ पूजन और हरा चारा वितरण, कर्मचारियों को सुरक्षा किट और कंबल उपलब्ध कराए; गोबर से बने प्राकृतिक पेंट और दैनिक उपयोग की वस्तुओं का भी लिया जायजा

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने रविवार को नगर निगम द्वारा संचालित नंदी पार्क गौशाला का विस्तृत भ्रमण किया। इस अवसर पर महापौर सुनीता दयाल एवं नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत गौ पूजन के साथ हुई, जिसमें उपमुख्यमंत्री ने गौ माता का तिलक कर पूजा-अर्चना की और गौशाला में आश्रित गोवंश को गुड़ एवं हरा चारा खिलाया। गौ संरक्षण एवं सेवा के प्रति इस संवेदनशील पहल को उपस्थित जनसमूह ने सराहा। भ्रमण के दौरान नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने नंदी पार्क गौशाला में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं नवाचारों की जानकारी दी। विशेष रूप से गोवंश के गोबर से तैयार किए जा रहे प्राकृतिक पेंट प्रोजेक्ट को लेकर विस्तार से बताया गया। गोबर से निर्मित पर्यावरण हितैषी प्राकृतिक पेंट को देखकर माननीय उपमुख्यमंत्री ने नगर निगम की इस अभिनव पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की और इसे आत्मनिर्भर भारत व स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में एक सराहनीय प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की योजनाएं न केवल गोवंश संरक्षण को बढ़ावा देती हैं, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित करती हैं। नगर आयुक्त द्वारा नंदी पार्क में संचालित एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर की कार्यप्रणाली की भी जानकारी दी गई। उपमुख्यमंत्री ने निराश्रित स्वानों के नियंत्रण, उपचार एवं देखरेख की व्यवस्थाओं को सराहते हुए कहा कि शहरी क्षेत्रों में मानवीय दृष्टिकोण से पशु कल्याण के लिए यह अत्यंत आवश्यक है। महापौर एवं नगर आयुक्त के नेतृत्व में निराश्रित गोवंश और स्वानों की देखरेख हेतु नगर निगम द्वारा किए जा रहे प्रयासों को उन्होंने अनुकरणीय बताया और निगम टीम की सराहना की। महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि माननीय उपमुख्यमंत्री ने गौशाला भ्रमण के दौरान नंदी पार्क में कार्यरत कर्मचारियों एवं सफाई मित्रों के कल्याण का भी विशेष ध्यान रखा। उन्होंने कड़ाके की ठंड को देखते हुए सफाई मित्रों एवं कर्मचारियों को कंबल वितरित किए और लगभग 63 कर्मचारियों को पीपीई किट प्रदान कर उन्हें सुरक्षित तरीके से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उपमुख्यमंत्री ने कर्मचारियों से संवाद करते हुए उनके कार्य की सराहना की और कहा कि स्वच्छता एवं पशु सेवा से जुड़े कर्मियों का योगदान समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। भ्रमण के दौरान गोबर से निर्मित विभिन्न उपयोगी उत्पादों का भी अवलोकन किया गया। इनमें गोबर से बनी खाद, बर्तन, मूर्तियां, दीपक, हवन सामग्री एवं अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं शामिल रहीं। इन उत्पादों को देखकर उपमुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की और इनके व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोबर आधारित उत्पाद पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम हैं। नगर आयुक्त ने जानकारी दी कि उपमुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में गाजियाबाद नगर निगम द्वारा गोवंश के गोबर से तैयार की जा रही उपयोगी वस्तुओं को चरणबद्ध तरीके से घर-घर तक पहुंचाने की योजना बनाई जा रही है। इससे जहां एक ओर गोवंश संरक्षण को आर्थिक मजबूती मिलेगी, वहीं दूसरी ओर आमजन को पर्यावरण के अनुकूल उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, उप मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष कुमार, महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, विनोद कसाना सहित निगम के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कुल मिलाकर उपमुख्यमंत्री का यह भ्रमण गौ संरक्षण, पशु कल्याण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक संवेदनशीलता को मजबूत करने का स्पष्ट संदेश देकर गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button