देश-दुनिया

ट्रंप बोले- इस्राइल-ईरान के अंतिम मिशनों के बाद युद्ध समाप्त

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी हिंसक संघर्ष खत्म होने के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मुताबिक इस्राइल और ईरान के बीच पूरी तरह से सहमति बन गई है। उन्होंने कहा कि अब से करीब छह घंटे बाद 12 घंटों के लिए पूर्ण युद्धविराम होगा। बीते 13 जून को इस्राइल ने ईरान के परमाणु ठिकानों पर ताबड़तोड़ हमले किए। इसके बाद बीते 12 दिनों से दोनों देशों के बीच टकराव जारी है। इस्राइल को अमेरिका से भी समर्थन मिला और अमेरिकी सेना ने ईरान के तीन ठिकानों पर हमले किए। ईरान ने अमेरिकी सैन्य अड्डों पर पलटवार किया, जिससे तनाव गहराने की आशंका बढ़ी। हालांकि, अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि इस्राइल और ईरान के बीच युद्धविराम को लेकर सहमति बन गई है। उन्होंने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा, ‘अब से लगभग 6 घंटे बाद, जब इस्राइल और ईरान अपने अंतिम मिशनों को पूरा कर लेंगे, युद्ध समाप्त माना जाएगा।’ट्रंप ने लिखा कि आधिकारिक तौर पर, ईरान युद्ध विराम की शुरूआत करेगा। इसके 12 घंटे बाद इस्राइल युद्ध विराम करेगा। 24 घंटे बाद 12 दिवसीय युद्ध का आधिकारिक अंत हो जाएगा, जिसे पूरी दुनिया सलाम करेगी। अमेरिकी राष्ट्रपति के मुताबिक युद्ध विराम के दौरान, दूसरा पक्ष शांतिपूर्ण और सम्मानजनक बर्ताव करेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, सब कुछ वैसा ही काम करेगा जैसा कि होना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘मैं दोनों देशों- इस्राइल और ईरान को बधाई देना चाहता हूं कि उन्होंने ’12 दिवसीय युद्ध’ को समाप्त करने की सहनशक्ति, साहस और बुद्धिमत्ता दिखाई है।’ पश्चिम एशिया के तनावपूर्ण माहौल पर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, ‘यह एक ऐसा युद्ध है जो कई वर्षों तक खिंच सकता था, और पूरे मध्य पूर्व को नष्ट कर सकता था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ, और कभी नहीं होगा!’ ट्रंप ने ईश्वर से आशीर्वाद की कामना करते हुए लिखा, भगवान इस्राइल और ईरान को आशीर्वाद दें। भगवान मध्य पूर्व, अमेरिका और पूरी दुनिया को आशीर्वाद दें!

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button