मोदीनगर को मिलेगा टाउन हॉल का तोहफा, शासन ने दी मंजूरी, जल निगम करेगा काय

वेलकम इंडिया
गाजियाबाद। मोदीनगर के नागरिकों के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित टाउन हॉल की सौगात अब साकार होने जा रही है। शासन स्तर से इस बहुप्रतीक्षित योजना को हरी झंडी मिल चुकी है और निर्माण कार्य के लिए सारी विभागीय औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। नगरपालिका मोदीनगर द्वारा गोविंदपुरी में महर्षि दयानंद स्कूल के पीछे 1500 गज भूमि पर टाउन हॉल बनाने के लिए स्थल चिह्नित कर लिया गया है। इसके लिए मिट्टी की जांच, पैमाइश, नक्शा और रिपोर्ट तैयार की जा चुकी है। पूरी योजना को नगर विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। नगरपालिका की ओर से इस निर्माण कार्य पर लगभग 3.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। जल निगम को इस परियोजना का कार्यदायी संस्थान नियुक्त किया गया है और उम्मीद है कि आगामी एक महीने के भीतर निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। टाउन हॉल के निर्माण से मोदीनगरवासियों को बड़े आयोजनों के लिए किसी अन्य शहर या निजी स्थानों पर भटकना नहीं पड़ेगा। सरकारी बैठकों, सामाजिक कार्यक्रमों, सांस्कृतिक आयोजनों और अन्य सामूहिक गतिविधियों के लिए यह टाउन हॉल एक अत्यंत उपयोगी केंद्र बनेगा। इस बहुप्रतीक्षित योजना को लेकर नगर के लोगों में उत्साह का माहौल है। वर्षों से नगरवासी टाउन हॉल की मांग कर रहे थे और अब उनके इस इंतजार का सुखद अंत होने जा रहा है। नगरपालिका ने न केवल स्थान उपलब्ध कराया है, बल्कि पूरी जिम्मेदारी अपने कंधों पर लेते हुए बजट की भी व्यवस्था सुनिश्चित की है। इसके साथ ही उपयोग के लिए शुल्क निर्धारित किया जाएगा, ताकि संचालन व्यवस्थित रह सके। टाउन हॉल में बड़ा सभागार तो होगा ही, साथ ही बैठक कक्ष और आवश्यक कमरे भी बनाए जाएंगे, जिससे यह बहुउद्देश्यीय केंद्र बन सके। इस बारे में अधिशासी अधिकारी नरेंद्र मोहन मिश्र ने बताया कि टाउन हॉल को लेकर सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और जल निगम शीघ्र ही कार्य प्रारंभ करेगा। चेयरमैन विनोद वैशाली ने भी बताया कि यह केवल एक शुरूआत है, आने वाले समय में मोदीनगर में कई और बड़े विकास कार्य शुरू होंगे। नगरपालिका की यह पहल केवल निर्माण कार्य नहीं है, यह शहर की सामाजिक और प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एक दूरदर्शी निर्णय है। मोदीनगर के नागरिकों को एक ऐसा सार्वजनिक मंच मिलने जा रहा है, जो उन्हें सशक्त, संगठित और सुविधा सम्पन्न बनाएगा।



