शहर-राज्य

एचआरपीजी डिग्री कॉलेज में विकसित भारत युवा संवाद एवं संविधान दिवस कार्यक्रम हुआ आयोजित

संविधान के महत्व, नागरिक अधिकारों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विद्यार्थियों को किया गया जागरूक

मुहम्मद परवेज़ अख्तर 

संतकबीरनगर।  संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय (एचआरपीजी डिग्री कॉलेज) में मेरा युवा भारत (MY Bharat) के तत्वावधान में विकसित भारत युवा संवाद एवं संविधान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. बृजेश कुमार त्रिपाठी रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनोज कुमार भारतीय, आभार व्यक्ति डॉ हेमंत शंकर ने किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, उसके मूल सिद्धांतों, नागरिकों के मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। प्रत्येक नागरिक को संविधान में निहित मूल्यों का सम्मान करते हुए अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करना चाहिए। साथ ही युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के दौरान विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रीय एकता के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को संविधान के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा जागरूक, जिम्मेदार नागरिक बनकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी निशांत कुमार चौहान, कार्यक्रम सहायक सुधांशु त्रिपाठी तथा मेरा युवा भारत के एमटीएस (मल्टी टास्किंग स्टाफ) प्रिन्स त्रिपाठी, स्वयंसेवक योगेन्द्र यादव, अवनीश मिश्रा आदि उपस्थित रहे। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button