हापुड़ की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में डॉ. आंबेडकर एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण का हुआ शिलान्यास

वेलकम इंडिया | राजेंद्र सिंह वरिष्ठ पत्रकार
हापुड़। संविधान दिवस के अवसर पर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत जनपद हापुड़ की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में चयनित स्थलों पर प्रतिमाओं के नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का शिलान्यास एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया।इस योजना का उद्देश्य भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. बी.आर. आंबेडकर के विचारों, आदर्शों और सामाजिक न्याय के प्रति उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाना है। इसके अंतर्गत बाबासाहेब सहित राष्ट्रीय स्तर के समाज सुधारकों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं का नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है।इसी क्रम में 26 नवंबर 2026 को लखनऊ स्थित लोक भवन में मुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसका सजीव प्रसारण जनपद हापुड़ में भी किया गया।विधानसभा हापुड़ के ग्राम नली हुसैनपुर में डॉ. बी.आर. आंबेडकर की प्रतिमा के सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास विधायक विजयपाल आढ़ती की उपस्थिति में किया गया। वहीं विधानसभा धौलाना के पिलखुवा में भगवान वाल्मीकि की प्रतिमा के कार्य का शिलान्यास विधायक धर्मेश सिंह तोमर तथा विधानसभा गढ़मुक्तेश्वर के ग्राम गंदू नगला में डॉ. बी.आर. आंबेडकर की प्रतिमा के कार्य का शिलान्यास विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया की उपस्थिति में किया गया।जिला समाज कल्याण अधिकारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि जनपद की तीनों विधानसभाओं में 10-10 स्थलों का चयन किया गया है। अन्य चयनित स्थलों पर भी ग्राम प्रधानों के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित कर योजना को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया गया।




