ग़ाज़ियाबाद

3 दिसंबर को विश्व दिव्यांगता दिवस पर सभी जिलों में होंगे विशेष कार्यक्रम, दिव्यांगजनों को बांटे जाएंगे कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण

गाजियाबाद। प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विभागीय योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को तय समयसीमा में पूरा किया जाए। किसी भी पात्र लाभार्थी को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने से वंचित नहीं रहना चाहिए। योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और लंबित प्रकरणों के निस्तारण में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वह गुरुवार को गाजियाबाद स्थित गंगाजल जल निगम गेस्ट हाउस में मेरठ मंडल की विभागीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।
बैठक में गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, बागपत और गौतमबुद्धनगर के जिला स्तरीय अधिकारियों सहित मंडलीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। मंत्री ने दोनों विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से लक्ष्य के सापेक्ष किए गए कार्यों की जानकारी ली और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा। मंत्री नरेंद्र कश्यप ने दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की दिव्यांग पेंशन योजना, शादी-विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार योजना, कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, ई-ट्राइसाइकिल, दुकान निर्माण एवं संचालन योजना तथा कॉक्लियर इम्प्लांट योजना की समीक्षा की। इसके साथ ही विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र (यूडीआईडी) बनाने की प्रगति भी जानी। उन्होंने निर्देश दिए कि दिव्यांग पेंशन के लिए पात्र लोगों को चिह्नित कर उनके आवेदन समय से पूरे कराए जाएं। पेंशन स्वीकृति और भुगतान की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। कृत्रिम अंग, सहायक उपकरण और ट्राइसाइकिल जैसी सुविधाओं के लिए पात्र लाभार्थियों की पहचान कर निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा किया जाए। यूडीआईडी कार्ड के लंबित आवेदनों का भी प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए, ताकि दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी न हो। बैठक में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की शादी अनुदान योजना, छात्रवृत्ति योजना और ट्रिपल सी (सीसीसी) प्रशिक्षण योजना की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शादी अनुदान योजना के निर्धारित लक्ष्य को समय से पूरा किया जाए और अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ा जाए। छात्रवृत्ति के पात्र विद्यार्थियों को समय पर लाभ दिलाने के साथ लंबित आवेदनों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। ट्रिपल सी प्रशिक्षण योजना का प्रभावी क्रियान्वयन करने पर भी जोर दिया गया।
मंत्री ने कहा कि योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधियों, स्थानीय निकायों और ग्राम पंचायतों का सहयोग लिया जाए। अधिकारी केवल कागजी प्रगति तक सीमित न रहें, बल्कि योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए नियमित निगरानी करें। उन्होंने दोनों विभागों के अंतर्गत संचालित संस्थाओं की कार्यप्रणाली और संचालन की स्थिति की जानकारी भी ली।
आगामी 3 दिसंबर को विश्व दिव्यांगता दिवस के अवसर पर मेरठ मंडल के सभी जनपदों में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग और विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण वितरित किए जाएं। साथ ही उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोडऩे के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अधिकारियों को भी अपने विभाग की योजनाओं के पात्र लाभार्थियों तक लाभ पहुंचाने और वितरण संबंधी कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक योजना की नियमित समीक्षा की जाए और जहां भी कोई प्रकरण लंबित है, उसका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाए। बैठक में मेरठ मंडल के उपनिदेशक पिछड़ा वर्ग कल्याण, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी तथा सभी संबंधित जनपदों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button