ग़ाज़ियाबाद

संविधान के संकल्प से गूंजा आरकेजीआईटी परिसर, विद्यार्थियों ने लिया जिम्मेदार नागरिक बनने का प्रण

गाजियाबाद। राज कुमार गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आरकेजीआईटी), सीसीएस यूनिवर्सिटी परिसर में गुरुवार को संविधान दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भारतीय संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों को समझने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि संविधान केवल कानूनों का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, समानता, न्याय और सामाजिक सद्भाव का आधार है। विद्यार्थियों को जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. निशि पाठक ने किया। उन्होंने संविधान दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था, जबकि 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान में निहित आदर्शों को समझने और अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
आरके ग्रुप के वाइस चेयरमैन अक्षत गोयल ने सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है, इसलिए विद्यार्थियों को केवल शिक्षा और करियर तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी समझना चाहिए। जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनकर ही युवा देश के विकास में सार्थक योगदान दे सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान डॉ. डीके चौहान ने उपस्थित विद्यार्थियों और शिक्षकों को संविधान की प्रस्तावना के अनुरूप शपथ दिलाई। सभी ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने के साथ संवैधानिक आदर्शों एवं मूल कर्तव्यों का पालन करने का संकल्प लिया। डॉ. चौहान ने कहा कि संविधान हमें अधिकार देने के साथ समाज और देश के प्रति दायित्वों का बोध भी कराता है। वहीं संस्थान के सलाहकार डॉ. लक्ष्मण प्रसाद ने संविधान की प्रमुख विशेषताओं, प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों और राज्य के नीति-निर्देशक तत्वों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सशक्त लोकतंत्र के लिए प्रत्येक नागरिक का अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति जागरूक होना जरूरी है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की। बीसीए प्रथम वर्ष की छात्राएं शादिया और हरप्रीत तथा बीबीए द्वितीय वर्ष की छात्रा रितिका ने संविधान की महत्ता, समानता, स्वतंत्रता और युवाओं की राष्ट्रीय जिम्मेदारियों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि युवाओं को संवैधानिक मूल्यों का पालन करते हुए समाज में जागरूकता, आपसी सद्भाव और समानता की भावना को बढ़ावा देना चाहिए। कार्यक्रम में डॉ. शिवानी त्यागी, विभागाध्यक्ष, डीन एक्रेडिटेशन डॉ. रामेन्द्र सिंह सहित संस्थान के सभी संकाय सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का समापन न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के संवैधानिक आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति में सक्रिय योगदान देने के संकल्प के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button