ग़ाज़ियाबाद

नवयुग मार्केट चौराहे पर बिना सुरक्षा इंतजाम खोला यूटर्न, पलटी पिकअप

गाजियाबाद। सड़क पर यातायात व्यवस्था सुधारने और जाम से राहत दिलाने के लिए बनाए गए यूटर्न ही अब वाहन चालकों के लिए खतरा बनते नजर आ रहे हैं। नवयुग मार्केट चौराहे पर बनाए गए नए यूटर्न को बिना सुरक्षा इंतजाम पूरे किए वाहनों के लिए खोल दिया गया। इसका खामियाजा मंगलवार रात एक पिकअप चालक को भुगतना पड़ा। अचानक सामने आए यूटर्न को देखकर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और तेज रफ्तार पिकअप सड़क पर पलट गई। हादसे में चालक घायल हो गया। हापुड़ रोड स्थित नवयुग मार्केट चौराहे पर पहले लालबत्ती की व्यवस्था थी। यहां लगने वाले जाम को कम करने के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की ओर से यूटर्न का निर्माण कराया गया। मंगलवार को निर्माण पूरा होने के बाद इसे वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया गया, लेकिन मौके पर सुरक्षा के जरूरी इंतजाम नहीं किए गए। न तो रिफ्लेक्टर टेप लगाई गई और न ही वाहन चालकों को पहले से सतर्क करने के लिए चेतावनी और दिशा-सूचक बोर्ड लगाए गए।
मंगलवार रात हापुड़ रोड से गुजर रही एक पिकअप वैन के चालक को अचानक यूटर्न दिखाई दिया। चालक ने घबराकर ब्रेक लगाए और वाहन मोडऩे का प्रयास किया, लेकिन तेज रफ्तार के कारण पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। सूचना पर पहुंची सिहानी गेट थाना पुलिस ने वाहन में फंसे चालक को बाहर निकाला। चालक ने पुलिस को बताया कि उसे यूटर्न दिखाई नहीं दिया था। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त पिकअप को सड़क से हटाकर यूटर्न के पास खड़ा कराया गया। बुधवार को भी यूटर्न के आसपास यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की आवाजाही बाधित होने से जाम जैसी स्थिति बनी रही। डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन ने कहा कि यदि यूटर्न बिना रिफ्लेक्टर टेप और सूचना बोर्ड लगाए खोला गया है तो इस संबंध में जीडीए को पत्र लिखा जाएगा। ट्रैफिक पुलिस भी यूटर्न का निरीक्षण करेगी। यदि वहां कोई कमी मिलती है तो उसे दूर कराया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button