लॉटरी से 1,344 परिवारों का अपने घर का सपना हुआ साकार, एसजीएस सिटी-2 में निकाली गई लॉटरी

गाजियाबाद। अपने घर का सपना संजोए आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत एसजीएस सिटी-2 में निर्मित ईडब्ल्यूएस आवासों का आवंटन गुरुवार को लॉटरी के माध्यम से किया गया। पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया के तहत कुल 1,344 पात्र परिवारों को आवास आवंटित किए गए। लॉटरी के जरिए आवास मिलने से लंबे समय से अपने घर का इंतजार कर रहे परिवारों के सपनों को नई उम्मीद मिली है। योजना के अंतर्गत एसजीएस सिटी-2 में कुल 1,493 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के आवासों का निर्माण कराया गया है। इनके आवंटन के लिए प्राधिकरण को कुल 6,277 आवेदन प्राप्त हुए थे। आवेदनों की जांच के बाद 1,807 आवेदकों को पात्र पाया गया। इसके बाद पात्र आवेदकों को लॉटरी प्रक्रिया में शामिल किया गया, जिसमें 1,344 परिवारों को आवास आवंटित किए गए। वहीं, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की निर्धारित श्रेणी के लिए आरक्षित 149 आवासों का आवंटन नहीं हो सका। इन आवासों के सापेक्ष आवश्यक संख्या में पात्र आवेदक उपलब्ध नहीं थे। जीडीए अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई गई। इस दौरान जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह, ओएसडी कनिका कौशिक सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के संबंधित अधिकारियों तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की उपस्थिति में लॉटरी निकाली गई। जीडीए अधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लॉटरी के माध्यम से किया गया यह आवंटन जरूरतमंद परिवारों को अपना घर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।



