स्नातक चुनाव में सुस्ती, शिक्षक निर्वाचन में 26.76 तो शिक्षक में 56.03 प्रतिशत मतदान-मेरठ खंड विधान परिषद चुनाव में गाजियाबाद के 13 केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान संपन्न

गाजियाबाद। मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार को जिले में मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हुआ। जिले के 13 मतदान केंद्रों पर बनाए गए 75 मतदेय स्थलों पर मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के अंतिम आंकड़ों के अनुसार, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 26.76 प्रतिशत और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 56.03 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत के बीच करीब 29.27 प्रतिशत का अंतर रहा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्वाचन की शुचिता बनाए रखने के निर्देश दिए। जनपद में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 31,169 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 9,845 मतदाता पंजीकृत थे। मतदान के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा, व्यवस्था और निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी पर विशेष ध्यान दिया गया। जिलाधिकारी ने इंग्राह्म इंटर कॉलेज, राजनगर और शंभू दयाल इंटर कॉलेज स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया की जानकारी ली। मेरठ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल आठ प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। इनमें भाजपा के दिनेश कुमार गोयल और समाजवादी पार्टी के परमेंद्र सिंह भाटी प्रमुख प्रत्याशी थे। इनके अलावा निर्दलीय प्रत्याशियों में डॉ. अमित कुमार जैन, दुष्यंत त्यागी, सैय्यद अकरम रजा, राहुल कुशवाहा, एडवोकेट विक्रांत वशिष्ठ और विजय कुमार त्यागी शामिल थे। वहीं, मेरठ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल दस प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा। इनमें भाजपा के श्रीचंद शर्मा और समाजवादी पार्टी के डॉ. नितिन तोमर शामिल थे। निर्दलीय प्रत्याशियों में डॉ. कुलदीप मलिक, तनुज गंभीर, पवन शर्मा, बाकर हुसैन, सुशील चौधरी, डॉ. सुशील कुमार पुंडीर, स्वराज पाल दुहूण और हरकेश सिंह मैदान में थे। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने मतदान प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराने में सहयोग देने वाले अधिकारियों, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट, मतदान कार्मिकों और संबंधित विभागों के कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित मतदान में सहयोग देने वाले मतदाताओं और अन्य संबंधित लोगों का भी धन्यवाद किया। प्रशासन के अनुसार, जिले में मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।
निर्धारित समय पर जारी मतदान प्रतिशत के आंकड़ों के अनुसार, सुबह 10 बजे तक स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 7.12 प्रतिशत और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 10.26 प्रतिशत मतदान हुआ था। दोपहर 12 बजे तक स्नातक में 8.30 प्रतिशत और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 12.86 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद मतदान की गति में तेजी आई। दोपहर दो बजे तक स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 18 प्रतिशत और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 37 प्रतिशत मतदान हुआ। शाम चार बजे तक स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान प्रतिशत बढ़कर 26.76 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 56.03 प्रतिशत पहुंच गया। अंतिम आंकड़ों के अनुसार, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं की भागीदारी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मुकाबले काफी अधिक रही। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान प्रक्रिया निर्धारित व्यवस्थाओं के तहत पूरी कराई गई। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने निरीक्षण के दौरान मतदान अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी रखी जाए। किसी भी मतदाता को किसी विशेष प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने निर्वाचन की गरिमा बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न कराने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट को अपने-अपने क्षेत्रों में निर्धारित मतदान केंद्रों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी मतदान केंद्र से शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करें और शिकायत का निस्तारण सुनिश्चित करें। निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।


