ग़ाज़ियाबाद

निर्माणाधीन मकान में चोरी का खेल, मजदूर निकला आभूषणों का चोर

गाजियाबाद। टीला मोड़ थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान में काम करने के दौरान आभूषण चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 875 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, मकान में टाइल-पत्थर लगाने का काम चल रहा था और इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मैनुअल इनपुट, सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से जांच के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह के अनुसार, कृष्णा विहार कुटी निवासी शिवकेश ने 14 अक्तूबर को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि उनके मकान की दूसरी मंजिल पर टाइल-पत्थर लगाने का काम चल रहा था। इसके लिए मिस्त्री बोबी और मजदूर जयभगवान सात अक्तूबर से काम कर रहे थे। शिकायतकर्ता के मुताबिक, 11 अक्तूबर की सुबह उनकी पत्नी पहली मंजिल के कमरे में रखी अलमारी की चाबी भूलवश छोड़कर ग्राउंड फ्लोर पर चली गई थीं। उस समय शिकायतकर्ता और उनके भाई दीपक भी घर से बाहर थे। पहली मंजिल पर कोई मौजूद नहीं था, जबकि मिस्त्री और मजदूर दूसरी मंजिल पर काम कर रहे थे। अगले दिन सुबह अलमारी खोलकर देखने पर आभूषण गायब मिले। शिकायतकर्ता ने सोने की कंठी, दो अंगूठियां, ओम, मंगलसूत्र और हाथ समेत चांदी की पायल के दो जोड़े, तगड़ी, गुच्छा, बच्चों के चार कड़े, बाजूबंद सहित अन्य आभूषण चोरी होने की जानकारी दी थी। उन्होंने काम कर रहे मिस्त्री और मजदूर पर शक जताया। पुलिस ने धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान जयभगवान पुत्र भागमल को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की उम्र करीब 38 वर्ष है। वह मूल रूप से दिल्ली के हर्ष विहार स्थित मंडोली का निवासी है और वर्तमान में टीला मोड़ क्षेत्र के कलीराम विहार कुटी में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 875 ग्राम वजन के चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इनमें पायल, कड़े, तगड़ी, गुच्छा, बाजूबंद, लॉकेट, हल्की पाजेब, बिछुआ, अंगूठी और छल्ला शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी टीला मोड़ थाना पुलिस टीम ने की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button