पेंशनर्स के लिए ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन मेडिकल बिल भुगतान व्यवस्था भी लागू हो

वेलकम इंडिया
मुरादाबाद। संयुक्त पेंशनर्स कल्याण समिति उत्तर प्रदेश (रजि.), मुरादाबाद की आवश्यक बैठक शिक्षक भवन, डांग प्राइमरी स्कूल में मंडल संयोजक सुनील शर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में पेंशनर्स की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में मेडिकल बिलों की प्रतिपूर्ति की प्रक्रिया अक्टूबर 2026 से ऑनलाइन किए जाने पर चिंता जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि ऑनलाइन व्यवस्था के कारण वृद्ध पेंशनर्स को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साइबर कैफे में जाकर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करना बुजुर्गों के लिए मुश्किल है। इसके चलते उनके मेडिकल बिलों का भुगतान समय पर नहीं हो पा रहा है और कई बिल कालातीत हो रहे हैं। 75 से 80 वर्ष या इससे अधिक आयु के पेंशनर्स के सामने इलाज कराने के साथ-साथ ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने की समस्या भी खड़ी हो गई है। समिति ने सरकार से मांग की कि ऑनलाइन व्यवस्था के साथ पूर्व की भांति ऑफलाइन व्यवस्था भी जारी रखी जाए।
बैठक में कोरोना काल के 18 माह के महंगाई भत्ते (डीए) का भुगतान करने, 60 से 80 वर्ष की आयु के बीच प्रत्येक पांच वर्ष के अंतराल पर पेंशन में पांच प्रतिशत की वृद्धि करने, जुलाई 2026 से देय महंगाई भत्ते की वृद्धि शीघ्र देने, वृद्ध पुरुषों को भी महिलाओं की भांति बस किराये में छूट देने तथा पेंशन के राशिकरण की वसूली की अवधि 15 वर्ष से घटाकर 11 वर्ष करने की मांग की गई। समिति ने सरकार से सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
बैठक में जिला संयोजक पीएस गिल, सर्वेश शर्मा, आरएस त्यागी, एसएस यादव (विद्युत विभाग), रामगोपाल चौधरी (खाद्य विभाग), मो. यूनुस हसन (बेसिक शिक्षा), कुंवर बहादुर सिंह, अंचल भटनागर, पीपी शर्मा, नरेश वर्मा, प्रवीण कुमार अग्रवाल, रामसेवक आदि उपस्थित रहे।



