मथुरा थाना रिफाइनरी चौकी बाद क्षेत्र में लाखों की चोरी से हड़कंप
-घर का ताला तोड़कर सोने के आभूषण, नकदी और लैपटॉप ले उड़े चोर,
मथुरा। थाना रिफाइनरी की बाद चौकी क्षेत्र अंतर्गत कृष्ण वाटिका, आजमपुर कॉलोनी में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए नकदी, सोने के आभूषण और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
मकान स्वामी पवन चौधरी पुत्र रतन सिंह के मुताबिक, वह किसी काम से अपने गांव गए हुए थे। जब वह शाम को वापस घर लौटे, तो घर का ताला और अलमारी के ताले टूटे मिले। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। यह नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर थाना रिफाइनरी प्रभारी और बाद चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पीड़ित के अनुसार, चोर घर से सोने के आभूषण, नकदी, बैटरी, इन्वर्टर, गैस सिलेंडर, लैपटॉप समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। हालांकि, चोरी की कुल कीमत का आधिकारिक आकलन अभी सामने नहीं आया है।
पीड़ित पवन चौधरी ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरी की इस वारदात का जल्द से जल्द खुलासा किया जाए और आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी हुआ सामान बरामद किया जाए।



