शहर-राज्य

डॉ. बी.पी.एस. कॉलेज में गूंजा सड़क सुरक्षा का संदेश, NCC कैडेट्स बने जागरूकता के दूत

आगरा से ब्यूरो चीफ मयूर खान

शमशाबाद, आगरा में यातायात पुलिस आगरा द्वारा युवाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार के निर्देशन में डॉ. बी.पी.एस. कॉलेज, शमशाबाद में एनसीसी कैडेट्स के लिए एक विशेष सड़क सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया।

इस कार्यशाला में ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर रामनिवास सिंह अपनी पूरी ट्रैफिक टीम के साथ मौजूद रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को सिर्फ किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि सड़क पर जीवन बचाने वाले व्यावहारिक नियमों से रूबरू कराया। टीम ने सभी कैडेट्स को सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूकता पंपलेट वितरित किए और उन्हें ट्रैफिक के मूलभूत सिद्धांतों के बारे में विस्तार से समझाया।

कार्यशाला के दौरान कैडेट्स को सड़क चिन्हों का अर्थ, रोड मार्किंग की पहचान, ट्रैफिक लाइटों का पालन और आधुनिक इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही मानवीय पहलू पर जोर देते हुए टीम ने सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद के लिए बनाए गए ‘गुड सेमेरिटन कानून’ और सरकार की ‘पीएम राहत योजना’ के बारे में भी बताया, ताकि युवा निडर होकर दूसरों की जान बचा सकें।

इस आयोजन का उद्देश्य एनसीसी कैडेट्स को यातायात का अनुशासित सिपाही बनाना है, जो खुद नियमों का पालन करने के साथ-साथ समाज में भी सड़क सुरक्षा की अलख जगा सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button