
मनोज शर्मा/वेलकम इंडिया
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार सुबह श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले जन्मभूमि परिसर में विधि-विधान से गौ-पूजन किया। इसके बाद मुख्य गर्भगृह में विराजमान बाल स्वरूप श्रीकृष्ण के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री के रूप में श्रीकृष्ण जन्मभूमि का यह उनका 20वां दर्शन बताया गया है।
जन्माष्टमी के अवसर पर मुख्य गर्भगृह को चांदी की परत से भव्य रूप से सजाया गया था। मुख्यमंत्री ने चांदी से सजे गर्भगृह की अलौकिक छटा और भगवान श्रीकृष्ण के मनमोहक स्वरूप के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने योगमाया मंदिर, केशवदेव मंदिर और भागवत भवन में भी दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
जन्मभूमि परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं का मुख्यमंत्री ने अभिवादन स्वीकार किया और उन पर पुष्पवर्षा की। उन्होंने देश-प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। परिसर में उज्जैन से आए कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुति देख मुख्यमंत्री ने उनका उत्साहवर्धन किया और उनके साथ फोटो भी खिंचवाई। मुख्यमंत्री करीब 30 मिनट तक जन्मभूमि परिसर में रहे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर में विशेष सुरक्षा एवं व्यवस्थाएं की गई थीं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच मुख्यमंत्री ने भक्तों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। जन्माष्टमी के उल्लास और भक्ति के माहौल में श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को और भक्तिमय बना दिया।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि सेवा संस्थान के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया। दर्शन-पूजन के दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण से प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। जन्मभूमि परिसर में श्रद्धालुओं और संतों की मौजूदगी के बीच जन्माष्टमी पर्व की भव्यता देखने को मिली।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, राज्यमंत्री संदीप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी, विधायक श्रीकांत शर्मा, विधायक मेघश्याम सिंह, विधायक राजेश चौधरी, एमएलसी योगेश नौहवार समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं एडीजी सुवेंद्र कुमार भगत, मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप, डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार, सीडीओ डॉ. पूजा गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




