ग़ाज़ियाबाद

मुरादनगर में अवैध कॉलोनियों पर चला जीडीए का बुलडोजर, पांच स्थानों पर ध्वस्तीकरण से मचा हड़कंप

गाजियाबाद। मुरादनगर क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर बुलडोजर चलाया। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के निर्देशों के अनुपालन में प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने अभियान चलाकर बिना स्वीकृति विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कॉलोनी विकसित करने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। प्राधिकरण के अनुसार, प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने मुरादनगर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर चल रहे अवैध निर्माण और प्लॉटिंग को चिन्हित कर कार्रवाई की। ग्राम मोरटा के खसरा संख्या-690 में करीब पांच बीघा क्षेत्रफल में अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। यहां मिट्टी भराव के साथ प्लॉट तैयार करने, सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्य कराए जा रहे थे। इसी तरह असालतनगर के खसरा संख्या-86 में करीब 7000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अवैध प्लॉटिंग का काम चल रहा था। वहीं ग्राम मोरटा के खसरा संख्या-622 में करीब 10 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में प्लॉटिंग कर सड़क व अन्य निर्माण कार्य किए जा रहे थे। शोभापुर बंबा रोड स्थित असालतनगर क्षेत्र में भी करीब 7000 वर्ग मीटर भूमि पर अनधिकृत निर्माण और प्लॉटिंग की जा रही थी। जांच के दौरान मौके पर मिट्टी भराव, ईंटों से चिनाई, सड़क निर्माण और बाउंड्रीवॉल बनाए जाने का कार्य पाया गया। प्राधिकरण की टीम द्वारा संबंधित लोगों से निर्माण एवं कॉलोनी विकसित करने से संबंधित स्वीकृति के अभिलेख मांगे गए, लेकिन मौके पर प्राधिकरण से स्वीकृति संबंधी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद प्राधिकरण ने नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान स्थानीय निर्माणकर्ताओं और कॉलोनाइजरों ने विरोध करने का प्रयास किया। स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद प्राधिकरण पुलिस बल ने लोगों को नियंत्रित किया और कार्रवाई को जारी रखा। प्रवर्तन दस्ते ने अवैध रूप से किए गए निर्माण को ध्वस्त करते हुए स्थल को खाली कराया। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-2 का समस्त स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ता मौजूद रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण की अनुमति के बिना कॉलोनी विकसित करने और प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। जीडीए अधिकारियों के मुताबिक मुरादनगर क्षेत्र सहित अन्य इलाकों में भी अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों को चिन्हित किया जा रहा है। आगामी माह में भी ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई का अभियान जारी रहेगा। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध कॉलोनी काटने वालों में खलबली मची हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button