शहर-राज्य

कच्ची सड़क से ग्रामीण परेशान, किसान नेता ने केंद्रीय राज्य मंत्री को भेजा पत्र

नवदिया टोडरपुर-जरा बुजुर्ग मार्ग के पक्कीकरण की मांग

पीडब्ल्यूडी ने कार्ययोजना में शामिल करने की दी जानकारी

वेलकम इंडिया पीलीभीत
पीलीभीत। पूरनपुर- माधोटांडा- खटीमा मुख्य मार्ग से जुड़े ग्राम जरा बुजुर्ग से नवदिया टोडरपुर तक करीब दो किलोमीटर लंबे प्रमुख संपर्क मार्ग के कच्चा और जर्जर होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में मार्ग पर जलभराव, कीचड़ और गहरे गड्ढों के कारण राहगीरों, किसानों और विद्यार्थियों का आवागमन मुश्किल हो जाता है। सड़क के पक्कीकरण की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला सचिव घासी राम ने केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद को पत्र भेजा है।ग्रामीणों के अनुसार यह क्षेत्र कृषि बहुल है और बड़ी संख्या में किसान गन्ना, धान एवं गेहूं की खेती करते हैं। ऐसे में फसलों की ढुलाई और कृषि कार्यों के लिए यह संपर्क मार्ग काफी महत्वपूर्ण है। सड़क खराब होने से किसानों को फसल और कृषि उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में भी दिक्कतें आती हैं।मार्ग पर स्थित जीएसआरडी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, जरा बुजुर्ग के छात्र-छात्राओं को भी प्रतिदिन आवागमन में परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क कई गांवों और अन्य संपर्क मार्गों को आपस में जोड़ती है तथा माधोटांडा-पूरनपुर मुख्य मार्ग तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है।समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) गुट, पीलीभीत के जिला सचिव घासी राम ने सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री भारत सरकार जितिन प्रसाद को पत्र भेजकर जनहित में सड़क का शीघ्र पक्का निर्माण कराने की मांग की है। साथ ही लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), पीलीभीत के अधिकारियों को भी पूर्व में मार्ग की बदहाल स्थिति से अवगत कराया गया था।बताया गया कि लोक निर्माण विभाग की तीन सितंबर 2026 की अनुपालन आख्या में नवदिया टोडरपुर मार्ग के नवनिर्माण को वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में शामिल किए जाने की जानकारी दी गई है। इससे ग्रामीणों में सड़क निर्माण की उम्मीद जगी है।जरा बुजुर्ग स्थित पेट्रोल पंप संचालक कप्तान सिंह कुशवाहा ने कहा कि आसपास के गांवों के लोगों, स्कूल जाने वाले बच्चों, किसानों और राहगीरों का आवागमन इसी मार्ग से जुड़ा है। इसलिए प्रशासन को प्राथमिकता के आधार पर सड़क का निर्माण कराना चाहिए।वहीं युवा ध्रुव कुमार ने कहा कि कई गांवों और संपर्क मार्गों को जोड़ने वाली यह सड़क किसानों, युवाओं एवं विद्यार्थियों के लिए अत्यंत आवश्यक है। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से मार्ग का शीघ्र स्थलीय निरीक्षण कराकर पक्की सड़क का निर्माण शुरू कराने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button