उद्योग और व्यापार बंधु की बैठक में निवेश बढ़ाने और व्यापारियों की समस्याएं दूर करने पर जोर

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर। जिला स्तरीय उद्योग बंधु और व्यापार बंधु की समीक्षा बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह की उपस्थिति में हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने पिछली बैठक की कार्यवृत्ति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिया कि जिन निवेशकों के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर हो चुके हैं, उनसे लगातार संपर्क कर उनकी समस्याओं का समाधान कराया जाए और उन्हें जनपद में अधिक से अधिक निवेश के लिए प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा कि निवेशकों और व्यापारियों के प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहने चाहिए। बैठक में व्यापारियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने के निर्देश दिए। निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों को भी संबंधित विभागों से शीघ्र निस्तारित कराने को कहा। उन्होंने उपायुक्त उद्योग को रोजगार सृजन योजना के शासन से प्राप्त लक्ष्य को पूरा करने और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत अधिक से अधिक लाभार्थियों के आवेदन कराने के निर्देश दिए। बैठक में दुग्ध, पशुपालन, एमएसएमई, उद्यान, पर्यटन, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और एक जनपद एक उत्पाद से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। व्यापारियों ने सरस्वती विद्या मंदिर नौगढ़ के पास खराब पड़े वाटर एटीएम को ठीक कराने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में सीएमओ डॉ. संजय कुमार दोहरे, उपायुक्त उद्योग शिव शंकर कुमार, डिप्टी आरएमओ राजेश कुमार, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, अन्य अधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे।




