पोखरे में मिला लापता मासूम का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर। सदर थाना क्षेत्र के परसा महापात्र गांव के पास एक पोखरे में बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक 10 वर्षीय बालक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक बालक मंगलवार शाम से लापता था। परिजनों ने बालक की हत्या कर शव पोखरे में फेंकने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, सिद्धार्थनगर थाना क्षेत्र के आजाद नगर मोहल्ला निवासी रफीक अली का 10 वर्षीय पुत्र फरहान मंगलवार शाम करीब चार बजे से अचानक लापता हो गया था।परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। बुधवार सुबह करीब आठ बजे परसा महापात्र गांव के ग्रामीणों ने पोखरे में एक बच्चे का शव देखकर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित किया। सूचना पर पहुंची सदर थाने की पुलिस ने शव को बाहर निकाला।शुरुआती घंटों में शिनाख्त न होने के कारण पुलिस ने पंचनामा भर शव को मोर्चरी हाउस भेज दिया।
सोशल मीडिया के जरिए हुई शिनाख्त……
दोपहर करीब एक बजे सोशल मीडिया के माध्यम से पोखरे में मिले शव की पहचान लापता फरहान के रूप में हुई। शिनाख्त होते ही परिजन मोर्चरी हाउस पहुंचे। इस संबंध में सदर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




