शहर-राज्य

पानीगांव की समस्याएं लेकर विधायक राजेश चौधरी के आवास पहुंचे ग्रामीण, समाधान का मिला आश्वासन

जूनियर हाईस्कूल को इंटरमीडिएट तक कराने की मांग और ओवरफ्लो पोखर से स्कूलों में जलभराव की समस्या के समाधान की उठाई मांग

मथुरा। पानीगांव क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण मांट विधायक राजेश चौधरी के मथुरा स्थित आवास पर पहुंचे। जहां ग्रामीणों ने पानीगांव ओवरफ्लो पोखर की समस्या को लेकर क्षेत्र की शिक्षा और सरकारी विद्यालयों में जलभराव से जुड़ी समस्याओं से विधायक को अवगत कराते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।

समाजसेवी मुन्ना चौधरी ने पानीगांव स्थित जूनियर हाईस्कूल को इंटरमीडिएट स्तर तक उच्चीकृत किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई। ग्रामीणों का कहना था कि विद्यालय को उच्चीकृत किए जाने से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को आगे की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और गांव के बच्चों को स्थानीय स्तर पर बेहतर शैक्षिक सुविधा मिल सकेगी।

इस दौरान ग्राम पंचायत सहायक विष्णु सिंह ने पानीगांव में पोखर के ओवरफ्लो और उससे जुड़ी नाली की गंभीर समस्या विधायक के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि प्राथमिक विद्यालय पानीगांव द्वितीय के समीप वर्षों पुरानी पोखर बनी हुई है। बारिश अथवा पानी अधिक भरने की स्थिति में पोखर के ओवरफ्लो होने से प्राथमिक विद्यालय पानीगांव द्वितीय और पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। पंचायत सहायक विष्णु सिंह और ग्रामीणों के अनुसार जलभराव के कारण विद्यालय आने वाले बच्चों और शिक्षकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। आरोप है कि समस्या की जानकारी संबंधित अधिकारियों को कई बार दिए जाने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी अभिमन्यु सेठ और ग्राम सचिव की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि समस्या के समाधान के बजाय जिम्मेदार अधिकारी इससे बचते नजर आते हैं। मीडिया के माध्यम से मामला सामने आने के बाद भी समस्या का प्रभावी निस्तारण नहीं हुआ। और खानापूर्ति करके हर बार जिम्मेदारी से बचते हैं 

इसी को लेकर ग्रामीणों ने विधायक राजेश चौधरी से हस्तक्षेप कर ओवरफ्लो पोखर और नाली की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की। जिससे विधालयों में जलभराव की समस्या का जल्द समाधान हो सके।ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद विधायक ने उन्हें जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि विधायक के हस्तक्षेप के बाद पानीगांव के विद्यालयों में जलभराव और जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा तथा जूनियर हाईस्कूल को इंटरमीडिएट स्तर तक उच्चीकृत करने की मांग पर भी सकारात्मक कार्रवाई होगी। वहीं विधायक ने ग्राम पंचायत सहायक और ग्रामीणों की समस्या को सुनने के बाद शिक्षा विभाग के बीएसए को मौके पर पहुंच कर निरीक्षण करने के निर्देश दिए और जल्द समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया, वहीं खंड विकास अधिकारी अभिमन्यु सेठ और ग्राम सचिव द्वारा निरीक्षण के नाम पर खानापूर्ति की गई लेकिन धरातल पर पूर्व एसडीएम के आदेशों के बाद भी नाली निर्माण या फिर स्थाई समाधान नहीं हो सका है। जबकि खंड विकास अधिकारी अभिमन्यु सेठ ने पूर्व में बताया था की तहसील से अवैध कब्जा हटवाने को टीम बनाई जा रही है लेकिन लगभग डेढ़ महीने बाद भी  कोई टीम तैयार नहीं हुईं जिसके कारण आज भी ओवरफ्लो पोखर से विधालयों में जलभराव की गंभीर समस्या समय-समय पर उत्पन्न होती है। जिसकी पंचायत सहायक विष्णु सिंह और ग्रामीणों ने भाजपा विधायक राजेश चौधरी से शिकायत की है। इस दौरान शिकायत लेकर पहुंचे ग्रामीणों में समाज सेवी मुन्ना चौधरी, ग्राम पंचायत सहायक विष्णु सिंह, भोपा चौधरी, पुष्पेन्द्र शर्मा, चंदन और विष्णु के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button