जापानी प्रधानमंत्री की सुरक्षा ड्यूटी में उत्कृष्ट योगदान पर डीसीपी जितेंद्र मणि को मिला जापानी दूतावास का प्रशस्ति-पत्र

दिल्ली यात्रा के दौरान सुरक्षा प्रबंधन की सराहना, दूतावास ने जताया आभार
एहसान अंसारी
नई दिल्ली। जापान की माननीय प्रधानमंत्री एच. ई. सुश्री सानाए ताकाइची की 1 से 3 जुलाई 2026 तक भारत यात्रा के दौरान उत्कृष्ट सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाने पर दिल्ली पुलिस के डीसीपी (सिक्योरिटी प्रेसिडेंट सेल) जितेंद्र मणि, आईपीएस को जापान के दूतावास (भारत) द्वारा प्रशंसा-पत्र (Letter of Appreciation) प्रदान किया गया है।जापानी दूतावास द्वारा 8 जुलाई 2026 को जारी प्रशंसा-पत्र में कहा गया है कि डीसीपी जितेंद्र मणि ने अपनी टीम के साथ पूरी निष्ठा, दक्षता और समर्पण के साथ सुरक्षा व्यवस्था का संचालन किया। उनके नेतृत्व में सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध प्रभावी ढंग से किए गए, जिससे जापान की प्रधानमंत्री की भारत यात्रा सुरक्षित, सुचारु और सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी।
दूतावास ने अपने पत्र में डीसीपी जितेंद्र मणि और उनकी टीम की व्यावसायिक दक्षता, अनुकरणीय समन्वय, उत्कृष्ट नेतृत्व एवं अथक प्रयासों की विशेष सराहना करते हुए कहा कि उनकी प्रतिबद्धता ने दूतावास की राजनयिक गतिविधियों के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।इस अवसर पर डीसीपी जितेंद्र मणि ने कहा कि जापान की माननीय प्रधानमंत्री की भारत यात्रा के दौरान सुरक्षा ड्यूटी का दायित्व मिलना उनके लिए गर्व का विषय था। उन्होंने कहा कि “जापानी दूतावास द्वारा मेरी टीम और मुझे प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाना अत्यंत हर्ष और गर्व की बात है। यह सम्मान पूरी दिल्ली पुलिस टीम की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। भविष्य में भी देशहित एवं वीआईपी सुरक्षा के दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करता रहूंगा।”उल्लेखनीय है कि जापान के दूतावास द्वारा दिया गया यह प्रशंसा-पत्र अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय सुरक्षा व्यवस्था और दिल्ली पुलिस की पेशेवर कार्यशैली पर व्यक्त किए गए विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है। यह सम्मान सुरक्षा प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।


