सील के कुछ घंटे बाद ही फिर शुरू हुआ निर्माण, एमवीडीए की कार्यवाही पर उठे सवाल

मथुरा/गोवर्धन। मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा गुरुवार को गोवर्धन के जतीपुरा रोड स्थित हरेकृष्णा रेजीडेंसी नामक अवैध कॉलोनी को सील किए जाने के कुछ ही घंटे बाद वहां दोबारा निर्माण कार्य शुरू होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।वीडियो सामने आने के बाद एमवीडीए की कार्यवाही और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार प्राधिकरण की टीम गुरुवार दोपहर में सीलिंग की कार्यवाही कर लौट गई थी।इसके कुछ समय बाद ही कॉलोनी में मजदूरों ने निर्माण कार्य फिर से शुरू कर दिया गया।वायरल वीडियो में निर्माण कार्य होता हुआ दिखाई दे रहा है।बताया जा रहा है कि जतीपुरा परिक्रमा मार्ग स्थित केला देवी मंदिर के पास हरेकृष्णा रेजीडेंसी के नाम से बिना एमवीडीए से स्वीकृत मानचित्र के कॉलोनी विकसित की जा रही थी।जिस के चलते प्राधिकरण ने गुरुवार को कॉलोनी को सील किया था।वीडियो वायरल होने के बाद लोगों का कहना है कि यदि सील की गई कॉलोनी में दोबारा निर्माण हो रहा है तो यह विभाग की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। साथ ही यह भी चर्चा है कि आखिर किसके संरक्षण में सील के बावजूद निर्माण कार्य कराया गया।वही इस संबंध में एमवीडीए जे ई अनिल सिंघल का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है।यदि सील तोड़कर निर्माण कार्य किए जाने की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।साथ ही सील को दोबारा मजबूत कर मौके पर निगरानी भी बढ़ाई जाएगी।




