ग़ाज़ियाबाद

868 करोड़ की विकास क्रांति, मुख्यमंत्री योगी ने गाजियाबाद को दिए आधुनिक भविष्य के मजबूत आधार

-33 परियोजनाओं का लोकार्पण और 57 का शिलान्यास, पूर्व मंत्री राजपाल त्यागी की प्रतिमा का किया अनावरण

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मुरादनगर में आयोजित विशाल जनसभा में जनपद को 868 करोड़ रुपये की 90 विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए विकास, सुशासन और सुरक्षा को प्रदेश सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता बताया। मुख्यमंत्री ने 33 परियोजनाओं का लोकार्पण और 57 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इससे पहले उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय राजपाल त्यागी की प्रथम पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा का अनावरण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर विधायक अजीतपाल त्यागी, गिरीशपाल त्यागी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत स्वर्गीय राजपाल त्यागी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की। उन्होंने कहा कि जब राजनीति जनसेवा का माध्यम बनती है, तभी कोई जनप्रतिनिधि जनता के दिलों में अमिट स्थान बना पाता है। राजपाल त्यागी छह बार विधायक चुने गए, जिनमें दो बार उन्होंने निर्दलीय चुनाव जीतकर जनता का विश्वास प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि यह लोकप्रियता केवल सेवा, समर्पण और जनविश्वास से ही प्राप्त होती है तथा आज भी जनता उन्हें सम्मान और श्रद्धा से याद करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजियाबाद आज उत्तर प्रदेश का मात्र प्रवेश द्वार नहीं, बल्कि दिल्ली का विकास इंजन बन चुका है। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब यह जनपद गंदगी, अव्यवस्था और अपराध के लिए जाना जाता था, लेकिन आज यही शहर स्वच्छता, आधुनिक आधारभूत ढांचे और तेज़ी से हो रहे विकास कार्यों की नई पहचान बन गया है। उन्होंने कहा कि आज यहां रैपिड रेल चल रही है, चौड़ी सड़कें बन रही हैं, एक्सप्रेसवे तैयार हो रहे हैं और नागरिकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल रही हैं। यह परिवर्तन केवल मजबूत इच्छाशक्ति और सुशासन का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गाजियाबाद में विकास कार्यों की नई इबारत लिखी है। उन्होंने कहा कि रैपिड रेल परियोजना, एक्सप्रेसवे, हिंडन सिविल एयरपोर्ट, आधुनिक सड़कें, फ्लाईओवर और अन्य आधारभूत परियोजनाओं ने पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने कहा कि मेरठ और दिल्ली के बीच यात्रा का समय काफी कम हो गया है, जिससे उद्योग, व्यापार और निवेश को नई गति मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में गाजियाबाद राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के सबसे विकसित शहरों में शामिल होगा। उन्होंने मंच से विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश की स्थिति पूरी तरह अलग थी। अपराध, दंगे, भ्रष्टाचार और अव्यवस्था आम बात थी, जबकि आज उत्तर प्रदेश सुशासन, कानून व्यवस्था और विकास के लिए पूरे देश में उदाहरण बन रहा है। उन्होंने कहा कि जहां सुरक्षा होती है, वहीं निवेश आता है, उद्योग स्थापित होते हैं, रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और विकास को गति मिलती है। इसी नीति के कारण आज उत्तर प्रदेश निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है। श्रावण मास और आगामी कांवड़ यात्रा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सरकार का दायित्व श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कांवडिय़ों से भी अपील की कि वे यात्रा के दौरान अनुशासन और मर्यादा बनाए रखें तथा किसी को भी व्यवस्था पर प्रश्न उठाने का अवसर न दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हरिद्वार से गाजियाबाद तक कांवड़ मार्ग विकसित किया जा चुका है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले कांवड़ यात्रा को लेकर आशंकाएं जताई जाती थीं, लेकिन सरकार ने स्पष्ट नीति अपनाई कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सच्चा श्रद्धालु कभी अशांति नहीं फैलाता और सरकार प्रत्येक शिवभक्त की आस्था का सम्मान करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि गाजियाबाद स्थित प्राचीन दूधेश्वरनाथ महादेव मंदिर में कॉरिडोर का निर्माण भी इसी सोच का हिस्सा है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का भी अवलोकन किया। कृषि विभाग के स्टॉल पर उन्हें सौर ऊर्जा आधारित कीट नियंत्रण यंत्र, श्रीअन्न (मिलेट्स) के उत्पादन और किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों और श्रीअन्न के उत्पादन को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना करते हुए किसानों की आय बढ़ाने के लिए नवाचारों को अपनाने पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आने वाले समय में भी गाजियाबाद के विकास के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं आने देगी। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का आज शिलान्यास किया गया है, उनके पूरा होने से सड़क, यातायात, आवास, पेयजल, पुलिस अधोसंरचना और शहरी विकास को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि डबल इंजन सरकार विकास की गति को और तेज करते हुए गाजियाबाद को आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय शहर बनाने की दिशा में लगातार कार्य करती रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button