मुख्यमंत्री योगी ने मुरादनगर में पूर्व मंत्री राजपाल त्यागी की प्रतिमा का किया अनावरण

868 करोड़ रुपये की 90 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, गाजियाबाद को बताया ‘दिल्ली का ग्रोथ इंजन’
राजपाल त्यागी जनसेवा की मिसाल थे, राजनीति सेवा का माध्यम बने तो मिलता है सम्मान : मुख्यमंत्री योगी
अनिल वशिष्ठ
मोदीनगर,(वेलकम इंडिया )। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मुरादनगर स्थित कुशलपाल त्यागी मेमोरियल डिग्री कॉलेज में आयोजित समारोह में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने जनपद की 868 करोड़ रुपये लागत की 90 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद को दिल्ली का “ग्रोथ इंजन” बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सुशासन, सुरक्षा और विकास के मॉडल पर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय राजपाल त्यागी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि जब राजनीति जनसेवा का माध्यम बनती है, तब जनप्रतिनिधि जनता के दिलों में स्थायी स्थान बना लेता है। उन्होंने कहा कि छह बार विधायक रहे राजपाल त्यागी जनसेवा और सादगी की मिसाल थे तथा उनकी कार्यशैली आज भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने स्थानीय विधायक अजीतपाल त्यागी का उल्लेख करते हुए कहा कि माता-पिता के संस्कार और सेवा की भावना उनकी कार्यशैली में भी दिखाई देती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक दशक पहले जिस गाजियाबाद की पहचान अव्यवस्था और गंदगी से होती थी, आज वही जनपद स्वच्छता, बेहतर आधारभूत संरचना और तेज विकास के लिए जाना जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज रैपिड रेल, आधुनिक सड़कें, एक्सप्रेसवे और हिंडन सिविल एयरपोर्ट जैसी परियोजनाएं प्रदेश की बदलती तस्वीर प्रस्तुत कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अब मेरठ से दिल्ली का सफर काफी कम समय में पूरा हो रहा है, जो प्रदेश के विकास की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद अब केवल उत्तर प्रदेश का प्रवेश द्वार नहीं, बल्कि दिल्ली के विकास का महत्वपूर्ण इंजन बन चुका है। आने वाले समय में यहां और भी विकास परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। श्रावण मास और आगामी कांवड़ यात्रा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से मर्यादा एवं अनुशासन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी कांवड़ यात्रियों को सुरक्षा और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास जताया कि सच्चा शिवभक्त कभी अशांति का कारण नहीं बनता और सभी श्रद्धालु यात्रा की गरिमा बनाए रखेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में पूर्ववर्ती सरकारों की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहले विकास परियोजनाओं में बाधाएं आती थीं, जबकि वर्तमान सरकार ने प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत कर निवेश, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भ्रष्टाचार तथा तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार आस्था और विकास, दोनों के प्रति समान रूप से प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



