शहर-राज्य

किसानों की शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त-मुख्य विकास अधिकारी

विजय द्विवेदी वेलकम इन्डिया

दिनांक 15 जुलाई 2026 प्रतापगढ़। जिलाधिकारी के निर्देश पर विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डा. राममोहन मीना की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। किसान दिवस में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों एवं किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने कृषि, पशुपालन, मत्स्य, विद्युत तथा अन्य विभागों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक का शुभारंभ उप कृषि निदेशक अश्विनी कुमार सिंह ने उपस्थित किसानों, किसान संगठनों के प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का स्वागत करते हुए किसान दिवस के उद्देश्य की जानकारी दी। इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों से खुलकर अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखने का आग्रह किया। बैठक में ग्राम हैंसी (विकास खण्ड मान्धाता) के किसान सुधीर प्रताप सिंह ने विश्वनाथगंज पशु चिकित्सालय से पशुओं के लिए हरा चारा उपलब्ध न होने की समस्या रखी। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी किसान ने अपने 10 बिस्वा तालाब के लिए मत्स्य बीज उपलब्ध कराने की मांग भी की, जिस पर कार्यकारी मत्स्य अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

ग्राम सरखेलपुर (विकास खण्ड बाबा बेलखरनाथ धाम) की नजीरूल निशा ने 10 केवी ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराकर विद्युत कनेक्शन दिलाने की मांग की। इस पर अधिशासी अभियंता विद्युत को मौके का सत्यापन कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं ग्राम पुर्बिया पट्टी (विकास खण्ड सदर) के किसान सरोज कुमार सिंह ने बताया कि उनका किसान पंजीकरण त्रुटिवश विकास खण्ड रामपुर संग्रामगढ़ में दर्ज हो गया है, जिसके कारण उन्हें समय पर बीज एवं अन्य कृषि सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस पर उप कृषि निदेशक ने उन्हें आवश्यक अभिलेखों के साथ कार्यालय में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करने को कहा तथा समस्या के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी डा. राममोहन मीना ने कहा कि किसानों एवं आमजन की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाया जाए तथा प्रत्येक शिकायत का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक के दौरान उप कृषि निदेशक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने किसानों को विभागीय योजनाओं, कृषि निवेशों की उपलब्धता, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, उद्यान, सहकारिता, सिंचाई, मत्स्य, पशुपालन, दुग्ध विकास एवं अन्य कृषि हितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी। बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव, उप कृषि निदेशक अश्विनी कुमार सिंह, जिला उद्यान अधिकारी सुनील कुमार शर्मा, क्षेत्राधिकारी सदर, कार्यकारी मत्स्य अधिकारी, खाद्य विपणन अधिकारी, अग्रणी बैंक प्रबंधक (बैंक ऑफ बड़ौदा), सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, अधिशासी अभियंता विद्युत, सिंचाई एवं लघु सिंचाई, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के जिला प्रबंधक, इफको के क्षेत्रीय प्रभारी, दुग्ध विकास विभाग के प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button