ग़ाज़ियाबाद

31 जुलाई की रैली संगठन की ताकत और सामाजिक न्याय के संकल्प का बनेगी प्रतीक

गाजियाबार्द। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने आगामी 31 जुलाई को नई दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाली सामाजिक समरसता महारैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए पश्चिम उत्तर प्रदेश में तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को गाजियाबाद में पार्टी की ओर से एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस एवं पश्चिम उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व राज्य मंत्री अरविंद राजभर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक में संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और महारैली की तैयारियों को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अरविंद राजभर ने कहा कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी को अक्सर केवल पूर्वांचल की पार्टी समझा जाता है, जबकि वास्तविकता यह है कि पार्टी पूरे उत्तर प्रदेश में गरीबों, किसानों, मजदूरों, अतिपिछड़ों, वंचितों और उपेक्षित वर्गों के अधिकारों की मजबूती से आवाज उठा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सम्मान, न्याय और समान अवसर दिलाने की है तथा इसी उद्देश्य के साथ संगठन लगातार प्रदेशभर में अपने जनाधार का विस्तार कर रहा है।
उन्होंने कहा कि 31 जुलाई को तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में आयोजित सामाजिक समरसता महारैली केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और संगठन की ताकत का बड़ा संदेश होगी। इस महारैली के माध्यम से यह स्पष्ट किया जाएगा कि पार्टी का प्रभाव केवल पूर्वांचल तक सीमित नहीं है, बल्कि पश्चिम उत्तर प्रदेश सहित पूरे प्रदेश में संगठन तेजी से मजबूत हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचकर संगठन की एकजुटता का परिचय दें। कार्यक्रम के आयोजक एवं सुभासपा के व्यापार प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राम अवतार जिंदल ने बताया कि पश्चिम उत्तर प्रदेश के सभी जिलों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक का उद्देश्य महारैली की तैयारियों की समीक्षा करना तथा उसे अभूतपूर्व बनाने की रणनीति तैयार करना था। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले को अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि दिल्ली में होने वाली महारैली संगठन की शक्ति का ऐतिहासिक प्रदर्शन बन सके। राम अवतार जिंदल ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि 31 जुलाई की सामाजिक समरसता महारैली संगठन के इतिहास की सबसे बड़ी और यादगार रैली साबित होगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सामाजिक न्याय, समानता और संगठनात्मक मजबूती के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता को पूरे देश के सामने प्रस्तुत करेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली इस दिन सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के विशाल जनसमर्थन और अनुशासित संगठन का साक्षी बनेगी। बैठक में पश्चिम उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने एकजुट होकर सामाजिक समरसता महारैली को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया और अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्णय लिया। पार्टी नेताओं ने विश्वास जताया कि यह महारैली संगठन के विस्तार के साथ-साथ सामाजिक समरसता और वंचित वर्गों के अधिकारों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर नई मजबूती प्रदान करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button