शहर-राज्य

गोवर्धन तहसील सभागार में मुड़िया पूर्णिमा मेला की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक लेते मंडलायुक्त आगरा, एडीजी जोन आगरा डीएम व अन्य अधिकारीगण

गोवर्धन तहसील सभागार में मुड़िया पूर्णिमा मेला की तैयारियों को लेकर हुई समीक्षा बैठक में अधिकारीगण

राजकीय मुड़िया पूर्णिमा मेला की तैयारियों को लेकर हुई समीक्षा बैठक

– स्थानीय लोगों से मांगे गए सुझाव

– 9 सुपर जोंन में बंटेगा मेला क्षेत्र, 23 जुलाई से 30 जुलाई तक लगेगा मुड़िया पूर्णिमा मेला

मनोज शर्मा/वेलकम इंडिया

मथुरा/गोवर्धन। आगामी 23 जुलाई से शुरू होने वाले विश्व प्रसिद्ध राजकीय मुड़िया पूर्णिमा मेला को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बुधवार को तहसील सभागार में मंडलायुक्त आगरा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस निदेशक सुवेन्द्र कुमार भगत जी भी शामिल हुए। बैठक में मेला को लेकर स्थानीय लोगों से सुझाव मांगे गए। मेला की तैयारियों को पूरा करने के सख्त दिशा निर्देश अधिकारियों ने दिए। इस बार राजकीय मुड़िया पूर्णिमा मेला 23 जुलाई से 30 जुलाई तक सम्पन्न होगा। मेला में एक करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं का आने का अनुमान रहता है। मंडलायुक्त आगरा नगेन्द्र प्रताप ने बताया कि मेला को सकुशल संपन्न कराने की तैयारियां पूरी कर ली है। विभागीय बैठक में मेला क्षेत्र में फैली अव्यवस्थाओं को जल्द से जल्द ठीक करने के लिए दिशा निर्देश दिए हैं। यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा के साथ-साथ यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, पेयजल, बिजली आपूर्ति, रेलवे, परिवहन, पार्किंग आदि के इंतजाम किए हैं। एडीजी आगरा सुवेन्द्र कुमार भगत जी ने बताया कि मेला क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से 9 जोंन में बांटा गया है। मेला क्षेत्र की निगरानी के लिए 10 पेट्रोलिंग पार्टियां और अस्थाई पुलिस चैकी स्थापित की जाएंगी। जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित मेला संपन्न कराया जाएगा। विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा है। उप महानिरीक्षक शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से मथुरा के साथ अन्य जनपदों से पुलिस फोर्स की तैनाती की जाएगी। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि इस बार मुड़िया पूर्णिमा मेला में पर्याप्त पुलिस फोर्स की तैनाती की जाएगी। मेला की सभी व्यवस्थाओं को एसडीएम गोवर्धन सुशील कुमार सिंह ने नोट किया। इसके बाद संबंधित विभागों को कार्य में जुट जाने के लिए कहा।

—–

स्थानीय लोगों के साथ-साथ संतों से मांगे गए सुझाव

मुड़िया पूर्णिमा मेला में प्रशासन को स्थानीय लोगों के साथ-साथ स्वयंसेवी संस्थाओं एवं समाजसेवा से जुड़े लोगों से सहयोग की उम्मीद रहती है। मेला में परिक्रमा के लिए आने वाली भीड़ को देखते हुए भंडारे, प्याऊ, स्वास्थ्य शिविर आदि का संचालन किया जाता है। प्रमुख मंदिरों से जुड़े प्रबंधक व रिसीवर भी अपनी ओर से अलग से व्यवस्थाएं करते हैं। श्रीपाद रघुनाथ दास गोस्वामी गद्दी के पीठाधीश्वर महंत केशव दास महाराज ने बताया कि मुड़िया पूर्णिमा मेला में प्रत्येक वर्ष श्रद्धालुओं का आगमन ज्यादा हो रहा है। आश्रमों में गुरू आस्था रखने वाले हजारों भक्तों को ज्यादा भीड़ से बचने की सलाह दी जाएगी। परिक्रमा का दबाब कम होने पर वह अपनी आस्था में गिरिराज जी की परिक्रमा लगाएं। व्यापार मंडल के गणेश पहलवान ने बताया कि यहां आने वाले हजारों भक्त लाखों श्रद्धालुओं को भोजन व पानी की प्याऊ लगाकर सेवा करते हैं, इसलिए उनको सहज ही सेवा करने के लिए जल्द से जल्द सशर्त अनुमति प्रदान की जाए। पानी के टैंकर, सब्जी, किराना आदि के सामान के वाहनों का समय निश्चित करते हुए पास बनाए जाएं। महंत राधा चरन दास ने बताया कि परिक्रमा मार्ग में लगे अस्थाई अतिक्रमणों को शीघ्र हटाया जाए।

——-  

50 किलोमीटर से अधिक दायरे में रहती हैं मेला की व्यवस्थाएं

गिरिराज जी की परिक्रमा 21 किलोमीटर की है, जिसमें यूपी व राजस्थान की सीमाएं जुड़ी है। राजस्थान के डीग-भरतपुर प्रशासन के द्वारा 1200 मीटर परिक्रमा के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र में व्यवस्थाएं की जाती हैं। उत्तर प्रदेश शासन के दिशा निर्देश पर मथुरा प्रशासन द्वारा मथुरा से लेकर गोवर्धन, बरसाना रोड, डीग रोड, छटीकरा-वृंदावन रोड आदि की व्यवथाएं की जाती हैं। गोवर्धन रेलवे स्टेशन की दूरी 3 किलोमीटर की है। यहां से श्रद्धालुओं को परिक्रमा पथ पर पहुंचने के लिए पैदल या ईरिक्शा का साहरा लेना पड़ता है। मथुरा रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड से गोवर्धन के लिए एक हजार से ऊपर परिवहन विभाग की ओर से बस लगाई जाती हैं। राजस्थान रोडवेज की बस भी अपनी सेवाएं देती हैं। पंचायत राज विभाग के पांच सौ से अधिक कर्मचारी सफाई में लगाए जाते हैं। मेला क्षेत्र की गोवर्धन व राधाकुंड की नगर पंचायत के साथ मथुरा-वृंदावन नगर निगम, सौंख, बरसाना, राया आदि नगर पंचायतों का सहयोग लिया जाता है। भीड़ में अपनों से बिछड़ने वालों को खोजने के लिए खोया-पाया कैंप लगाए जाते हैं। मेला में सुरक्षा व्यवस्थाओं में अस्थाई पुलिस चैकी, वांच टाॅवर, वैरियर लगाए जाएंगे। घुड़सवार पुलिस कर्मियों की तैनाती होगी।

———

बैठक में ये रहे उपस्थित

कमिश्नर नागेंद्र प्रताप, एडीजी आगरा एसके भगत, डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय, जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार, एसपी देहात सुरेश चंद रावत, एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार तिवारी, गोवर्धन एसडीएम सुशील कुमार सिंह, सीओ गोवर्धन अनिल कुमार, श्रीपाद रघुनाथ दास गोस्वामी गद्दी राधाकुंड के पीठाधीश्वर महंत केशव दास महाराज, मुड़िया संत रामकृष्ण दास, मानसी गंगा रिसीवर कपिल चतुर्वेदी, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नेहा चैधरी, गोवर्धन चेयरमैन प्रतिनिधि मनीष लंबरदार, राधाकुंड चेयरमैन रामफल, व्यापारी नेता गणेश पहलवान, व्यास परीक्षित दास आदि थे।

oplus_10485760

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button