ग़ाज़ियाबाद

कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, जिलाधिकारी ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश-माइक्रो प्लान के तहत समयबद्ध तरीके से पूरी हों सभी व्यवस्थाएं, अधिकारियों को निर्देश

गाजियाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, विभागाध्यक्षों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रा से जुड़ी सभी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के जिले से गुजरने की संभावना है, इसलिए सभी विभाग माइक्रो प्लान तैयार कर उसके अनुसार कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए स्वास्थ्य सेवाओं, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, विश्राम स्थलों और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों को पूरी तरह गड्ढामुक्त, स्वच्छ और आकर्षक बनाया जाए। उन्होंने नियमित साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण, पथ प्रकाश व्यवस्था और जलपान केंद्रों की व्यवस्था को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रा मार्गों पर संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाने को कहा।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी जिलाधिकारी ने विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही और आम नागरिकों के दैनिक आवागमन के बीच बेहतर संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। इसके लिए पुलिस, परिवहन और अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि स्थानीय लोगों को न्यूनतम असुविधा हो और यातायात सुचारु बना रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता केवल कांवडिय़ों की सुरक्षा और सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय नागरिकों के दैनिक जीवन को भी प्रभावित होने से बचाना है। उन्होंने सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने और किसी भी समस्या की स्थिति में त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा अब तक की गई तैयारियों और प्रगति की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, एडीएम (ई) ज्योति मौर्य, एडीएम सिटी विकास कश्यप, सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चन्द्र त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने विश्वास जताया कि समन्वित प्रयासों और समयबद्ध तैयारियों के माध्यम से इस वर्ष की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल बनाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button