शहर-राज्य

पीड़ित परिवार ने पुलिस पर लगाया दुर्व्यवहार का आरोप, डीएम से की शिकायत

*मुरादाबाद, थाना मझोला क्षेत्र में शिकायत दर्ज कराने गए एक परिवार ने पुलिस पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। परिवार का आरोप है कि घटना के बाद एक गर्भवती महिला की तबीयत बिगड़ गई, जिसे जिला महिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। एसएसपी से राहत न मिलने पर पीड़ित पक्ष ने बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि 28 मई को आरती अपने पति के साथ दवाई लेने जा रही थी। तभी महिपाल, अमरपाल व तीन अन्य लोगों से विवाद हो गया। सूचना पर पुलिस ने दोनों पक्षों को मंडी समिति पुलिस चौकी बुलाया। आरोप है कि चौकी पर पुलिसकर्मियों ने पीड़िता आरती के साथ अभद्रता की।
ज्ञापन में कहा गया है कि विरोध करने पर अपना दल कमेरावादी के जिलाध्यक्ष अंकित ठाकुर के साथ भी धक्का मुक्की हुई। वीडियो बनाने का प्रयास करने पर एक अन्य महिला के साथ भी अनुचित व्यवहार किया गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस दौरान गर्भवती आरती की हालत बिगड़ गई।
तबीयत बिगड़ने पर महिला को एसएसपी कार्यालय ले जाया गया, जहां से उसे जिला महिला चिकित्सालय रेफर किया गया। परिजनों के अनुसार आरती अभी भी जिला महिला चिकित्सालय में भर्ती है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि मझोला पुलिस द्वारा उन पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। परिवार के एक सदस्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई भी की गई है।
बुधवार को अपना दल कमेरावादी का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। अपर उप जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी कर्मियों पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष अंकित ठाकुर के साथ कमलेश, आशीष, राकेश, दीपक, राकेश श्रीवास्तव, विशाल, आशीष और हरपाल सिंह मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button